पीएम मोदी आज उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के दौरे पर, वाराणसी में 3,880 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का करेंगे शुभारंभ 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शुक्रवार को उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश का दौरा करेंगे। इस दौरान वे उत्तर प्रदेश के वाराणसी में तीन हजार 880 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इन परियोजनाओं में वाराणसी में बुनियादी ढांचे का विकास और सड़क संपर्क शामिल है।

पीएम मोदी के उत्तर प्रदेश में कार्यक्रम

प्रधानमंत्री वाराणसी रिंग रोड और सारनाथ के बीच एक सड़क पुल, शहर के भिखारीपुर और मंडुआडीह क्रॉसिंग पर फ्लाईओवर और वाराणसी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर NH-31 पर 980 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली एक हाईवे अंडरपास रोड सुरंग का शिलान्यास करेंगे।

बिजली के बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देते हुए प्रधानमंत्री वाराणसी संभाग के जौनपुर, चंदौली और गाजीपुर जिलों के एक हजार 45 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले दो 400 केवी और एक 220 केवी ट्रांसमिशन सबस्टेशन और संबंधित ट्रांसमिशन लाइनों का भी उद्घाटन करेंगे। 

इसके अलावा पीएम मोदी वाराणसी के चौकाघाट में 220 केवी ट्रांसमिशन सबस्टेशन, गाजीपुर में 132 केवी ट्रांसमिशन सबस्टेशन और 775 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से वाराणसी शहर की बिजली वितरण प्रणाली के विस्तार की आधारशिला भी रखेंगे। सभी के लिए शिक्षा सुनिश्चित करने के अपने दृष्टिकोण के अनुरूप, प्रधानमंत्री इस क्षेत्र में एक सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज, 356 ग्रामीण पुस्तकालय और 100 आंगनबाड़ी केंद्रों सहित परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। 

वह स्मार्ट सिटी मिशन के तहत 77 प्राथमिक विद्यालय भवनों के जीर्णोद्धार और वाराणसी के चोलापुर में कस्तूरबा गांधी विद्यालय के लिए एक नए भवन के निर्माण की आधारशिला भी रखेंगे। शहर में खेल के बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देते हुए, प्रधानमंत्री उदय प्रताप कॉलेज में फ्लडलाइट्स और दर्शक दीर्घा के साथ सिंथेटिक हॉकी टर्फ और शिवपुर में एक मिनी स्टेडियम की आधारशिला रखेंगे। 

प्रधानमंत्री गंगा नदी पर सामने घाट और शास्त्री घाट के पुनर्विकास और जल जीवन मिशन के तहत 345 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 130 ग्रामीण पेयजल योजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर, प्रधानमंत्री 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को पहली बार लाभान्वित होने वाले आयुष्मान वय वंदना कार्ड भी सौंपेंगे। 

वे तबला, पेंटिंग, ठंडाई और तिरंगा बर्फी सहित विभिन्न स्थानीय वस्तुओं और उत्पादों को भौगोलिक संकेत (जीआई) प्रमाण पत्र प्रदान करेंगे। वे बनास डेयरी से जुड़े उत्तर प्रदेश के दूध आपूर्तिकर्ताओं को 105 करोड़ रुपये से अधिक का बोनस भी हस्तांतरित करेंगे। 

पीएम मोदी के मध्य प्रदेश में कार्यक्रम

इसके बाद पीएम मोदी मध्य प्रदेश की यात्रा करेंगे और ईसागढ़ में गुरु जी महाराज मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे। वह आनंदपुर धाम में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में भी भाग लेंगे और इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button