बीजापुर से 22 नक्सली गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 17 Apr 2025 07:38 PM
बीजापुर से 22 नक्सली गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

बीजापुर. छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने 22 नक्सलियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के उसूर, जांगला और नेलसनार थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने 22 नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया है.

उन्होंने बताया कि जिले में चलाये जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत मंगलवार को उसूर थाना से जिला बल और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के कोबरा बटालियन को गश्त में रवाना किया गया था. अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने टेकमेटला गांव के जंगल से सात नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार नक्सलियों से टिफिन बम, कार्डेक्स वायर, बिजली का तार और अन्य सामान बरामद किया गया है.

उन्होंने बताया कि इसी तरह जिले के जांगला थाना से जिला बल, जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के संयुक्त दल को बेलचर, भुर्रीपानी और कोटमेटा गांव की ओर गश्त में रवाना किया गया था. अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने बेलचर गांव के जंगल से छह नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया. नक्सलियों के कब्जे से टिफिन बम, कार्डेक्स वायर, डेटोनेटर, बिजली का तार, बैटरी, खुदाई का औजार और अन्य सामान बरामद किया गया.

उन्होंने बताया कि जिले के नेलसनार थाना से सुरक्षाबलों को कांदाकरका गांव की ओर रवाना किया गया था. सुरक्षाबलों ने कांदाकरका के जंगल से नौ नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया. इनके कब्जे से टिफिन बम, कार्डेक्स वायर, डेटोनेटर, बिजली का तार, बैटरी, खुदाई का औजार, नक्सल साहित्य और अन्य सामान बरामद किया गया है. उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu