बंगाल के राज्यपाल बोस सीने में जकड़न के कारण अस्पताल में भर्ती; हालत स्थिर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 21 Apr 2025 11:08 PM
बंगाल के राज्यपाल बोस सीने में जकड़न के कारण अस्पताल में भर्ती; हालत स्थिर
ऑडियो सुनें

कोलकाता. सीने में जकड़न के कारण सोमवार सुबह पूर्वी कमान अस्पताल में भर्ती कराए गए पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस की हालत स्थिर है. राजभवन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि बोस को सुबह करीब 10 बजे अस्पताल ले जाया गया और चिकित्सक उनके स्वास्थ्य पर नजर रखे हुए हैं. राजभवन के अधिकारी ने पीटीआई-भाषा से कहा, ”राज्यपाल की हालत स्थिर है. डॉक्टरों ने उन्हें निगरानी में रखा है.” उन्होंने कहा कि बोस को मंगलवार को अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है. अधिकारी ने बताया कि बोस की जांच की गई और उपचार के बाद उनकी हालत में ”सुधार” बताया जाता है.

राज्यपाल ने शनिवार रात मुर्शिदाबाद के दंगा प्रभावित इलाकों के दौरे से लौटने के बाद सीने में जकड़न की शिकायत की थी.
इस संबंध में एक अन्य अधिकारी ने कहा, ”राज्यपाल को मुर्शिदाबाद से लौटने के बाद कल सीने में तकलीफ महसूस हुई. ऐसा लगता है कि यात्रा के दौरान व्यस्त कार्यक्रम के कारण उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ा.” मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पश्चिमी मेदिनीपुर के सालबोनी में एक बिजली संयंत्र की आधारशिला रखने के लिए रवाना होने से पहले अस्पताल में राज्यपाल से मुलाकात की. हावड़ा के डुमुरजोला हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर में सवार होने से पहले बनर्जी ने संवाददाताओं से कहा, ”मैंने राज्यपाल से कमान अस्पताल में मुलाकात की. वह बीमार हैं. मैंने अपने मुख्य सचिव को इस संबंध में आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu