पहलगाम आतंकी हमले पर आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट के लिए व्यक्ति गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 23 Apr 2025 11:03 PM
पहलगाम आतंकी हमले पर आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट के लिए व्यक्ति गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

जबलपुर/बोकारो. कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमले को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में बुधवार को 37 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने यह जानकारी दी. दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ के नाम से मशहूर प्रमुख पर्यटक स्थल बैसरन में मंगलवार को आतंकवादियों ने हमला किया था, जिसमें कम से कम 26 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए.

जिला पुलिस ने एक बयान में कहा कि आरोपी मोहम्मद ओसाफ खान को पहलगाम में पर्यटकों की नृशंस हत्या को लेकर सोशल मीडिया पर अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी पोस्ट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. बयान में कहा गया कि लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए आरोपी को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया गया है और उसे अदालत में पेश किया जाएगा. पुलिस ने हनुमान ताल पुलिस थाने में अभय श्रीवास्तव द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की.

बयान में बताया गया कि शिकायतकर्ता ने खान पर पहलगाम आतंकवादी हमले की पीड़ित महिला के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और अभद्र पोस्ट करने का आरोप लगाया और कहा कि वह इससे बहुत आहत हुए हैं और इससे लोगों की भावनाएं प्रभावित हो सकती हैं.

पुलिस के मुताबिक, पता चला कि मोहम्मद ओसाफ नाम के एक फेसबुक उपयोगकर्ता ने इस संवेदनशील मुद्दे पर भड़काऊ टिप्पणी की. इसकी जानकारी हनुमान ताल थाने के प्रभारी को दी गई. जिला पुलिस ने कहा कि पोस्ट को लेकर व्यापक जन आक्रोश है. पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने सोशल मीडिया प्रकोष्ठ को इस संवेदनशील घटना पर प्रतिक्रियाओं की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया.

आतंकवादी हमले पर विवादित पोस्ट करने के आरोप में झारखंड में एक व्यक्ति गिरफ्तार

झारखंड के बोकारो जिले में पहलगाम आतंकवादी हमले के संबंध में एक विवादास्पद सोशल मीडिया पोस्ट अपलोड करने के आरोप में बुधवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया. पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि मोहम्मद नौशाद नामक इस व्यक्ति ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आतंकवादी हमले के लिए पाकिस्तान और लश्कर-ए-तैयबा की कथित तौर पर प्रशंसा की है.

बालीडीह के थाना प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि व्यक्ति को बालीडीह थाना क्षेत्र में मिल्लत नगर से गिरफ्तार किया गया. उन्होंने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है. दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में एक प्रमुख पर्यटक स्थल पर मंगलवार को आतंकवादियों ने हमला किया जिसमें 26 लोग मारे गए. मृतकों में ज्यादातर पर्यटक थे. इस बीच, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता संजीव सरदार ने कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की निंदा की और इसे कायरतापूर्ण कृत्य बताया. उन्होंने यहां एक बयान में कहा कि देश इसका जवाब देगा.

झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका विधानसभा क्षेत्र से झामुमो विधायक सरदार ने कहा कि केंद्र सरकार को अपराधियों के खिलाफ कड़ी और निर्णायक कार्रवाई करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि यह देश की एकता और अखंडता के साथ-साथ शांति पर भी हमला है. उन्होंने दुख व्यक्त किया तथा पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा, ”भारत न कभी झुका है और न ही कभी झुकेगा. आतंकवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई निर्णायक है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu