चीन ने तीन नए अंतरिक्ष यात्रियों को अपने स्पेस स्टेशन में भेजा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 24 Apr 2025 09:07 PM
चीन ने तीन नए अंतरिक्ष यात्रियों को अपने स्पेस स्टेशन में भेजा
ऑडियो सुनें

बीजिंग. चीन ने तीन नए अंतरिक्ष यात्रियों को बृहस्पतिवार को अपने स्पेस स्टेशन भेजा है, जो वहां बीते छह महीने से मौजूद अंतरिक्ष यात्रियों की जगह लेंगे. सरकारी टेलीविजन सीजीटीएन पर अंतरिक्ष यात्रियों को स्टेशन पर भेजे जाने का सीधा प्रसारण किया गया. चीन के जिउक्वान उपग्रह प्रक्षेपण केंद्र से शाम 5:17 बजे (बीजिंग समयानुसार) शेनझोउ-20 यान यात्रियों को लेकर रवाना हुआ. अंतरिक्ष यान में तीन अंतरिक्ष यात्री चेन डोंग, चेन झोंगरुई और वांग जी सवार हैं. चालक दल को इस वर्ष अक्टूबर के अंत में उत्तरी चीन के डोंगफेंग लैंडिंग स्थल पर वापस लौटना है.

नए चालक दल के सदस्यों के स्टेशन में प्रवेश करने के बाद, अन्य तीन सदस्यों के 29 अप्रैल को पृथ्वी पर लौटने की उम्मीद है.
चाइना मैन्ड स्पेस एजेंसी (सीएमएसए) के प्रवक्ता लिन जिकियांग ने बुधवार को मीडिया को बताया कि चालक दल ‘जेब्राफिश’, ‘प्लैनेरियन’ और ‘स्ट्रेप्टोमाइस’ से जुड़े नए जीव विज्ञान प्रयोग करेगा.

लिन ने कहा कि चीन ‘प्लैनेरियन’ के पुनर्जनन के संबंध में पहली बार अंतरिक्ष में अनुसंधान करेगा. ‘प्लैनेरियन’ एक नया जीव है जिसे चीन के अंतरिक्ष स्टेशन पर लाया गया है. यह अंगों को पुन: विकसित करने की असाधारण क्षमता के लिए जाना जाता है. लिन ने कहा कि यह अनुसंधान व्यक्तिगत स्तर पर पुनर्जनन के मूलभूत तंत्रों के बारे में हमारी समझ को बढ़ाएगा. सीएमएसए ने बुधवार को यह भी कहा कि दो पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्रियों को चीन में अंतरिक्ष उड़ान प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए चुना जाएगा, ताकि वे देश के अंतरिक्ष स्टेशन के लिए एक संयुक्त मिशन में भाग ले सकें. सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ ने सीएमएसए प्रवक्ता के हवाले से बताया कि दो पाकिस्तानी नागरिकों में से एक पेलोड विशेषज्ञ के रूप में भाग लेगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu