राहुल का रायबरेली व अमेठी का दो दिवसीय दौरा शुरू, वंचितों को सौर ऊर्जा से चलने वाली गाड़ियां सौंपी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 29 Apr 2025 07:47 PM
राहुल का रायबरेली व अमेठी का दो दिवसीय दौरा शुरू, वंचितों को सौर ऊर्जा से चलने वाली गाड़ियां सौंपी
ऑडियो सुनें

रायबरेली. कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली और अमेठी लोकसभा क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे की शुरुआत की. राहुल ने रायबरेली में वंचितों को सौर ऊर्जा से चलने वाली गाड़ियां वितरित कीं. राहुल मंगलवार सुबह लखनऊ हवाई अड्डे पर उतरे, जहां कांग्रेस की राज्य इकाई के प्रमुख अजय राय, राष्ट्रीय महासचिव एवं उप्र प्रभारी अविनाश पांडे, विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ और अमेठी के सांसद केएल शर्मा सहित अन्य पार्टी नेताओं ने उनका स्वागत किया. इसके बाद राहुल सड़क मार्ग से रायबरेली के लिए रवाना हो गए.

राहुल ने रायबरेली पहुंचने पर ‘विसाका इंडस्ट्रीज’ में दो मेगावाट के सौर छत संयंत्र और ‘इले्ट्रिरक चार्जिंग स्टेशन’ का उद्घाटन किया.
उन्होंने इस अवसर पर वंचितों को एक गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) द्वारा दान की गईं सौर ऊर्जा से चलने वाली करीब एक दर्जन गाड़ियां भी सौंपीं.

पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “राहुल गांधी का उत्तर प्रदेश, रायबरेली और अमेठी से पुराना रिश्ता है तथा इस क्षेत्र के साथ गांधी परिवार के पारिवारिक संबंध हैं.” राहुल गांधी ने मंगलवार सुबह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को एक पत्र लिखकर पहलगाम आतंकी हमले पर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने का अनुरोध किया. हमले में 26 लोग मारे गए थे, जिनमें से अधिकतर पर्यटक थे. उन्होंने कहा कि पहलगाम त्रासदी ने हर भारतीय को झकझोर दिया है.

राहुल ने पत्र में कहा, “हम अनुरोध करते हैं कि ऐसा विशेष सत्र जल्द से जल्द बुलाया जाए.” राहुल ने रायबरेली में सिविल लाइंस चौराहे पर सुभाष चंद्र बोस की एक प्रतिमा का उद्घाटन किया और फिर बचत भवन में आयोजित दिशा (जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति) की बैठक में भाग लिया.

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने दिशा की बैठक में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस नेता के इरादों पर आलोचनात्मक टिप्पणी की. सिंह ने राहुल पर केवल मीडिया का ध्यान आर्किषत करने के लिए बैठक में भाग लेने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, “वह (राहुल गांधी) केवल सुर्खियां बनाने के लिए आते हैं. रास्ते में, वह जलेबी खाने या मोची की दुकान पर बैठने के लिए रुक सकते हैं क्योंकि इससे वह मीडिया की सुर्खियों में आते हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu