
मंगलुरु. कर्नाटक के मंगलुरु शहर के बाहरी इलाके में क्रिकेट मैच के दौरान हुए विवाद में एक व्यक्ति की कथित तौर पर कुछ लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी, जिसके बाद 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी. राज्य के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने इस घटना को ‘भीड़ द्वारा हत्या’ करार दिया और कहा कि उन्हें अभी तक रिपोर्ट नहीं मिली है, लेकिन उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले को बहुत गंभीरता से लिया जाएगा.
उन्होंने बताया कि जब स्थानीय स्तर पर क्रिकेट मैच चल रहा था तो उस व्यक्ति ने कथित तौर पर ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाए. पुलिस ने बताया कि मंगलुरु शहर के बाहरी इलाके कुडुपु गांव में भात्रा कल्लुर्ती मंदिर के पास 27 अप्रैल को अपराह्न करीब तीन बजे यह घटना हुई. उन्होंने बताया कि मृतक की अब तक पहचान नहीं हो पाई है. उस पर कथित तौर पर लाठी से हमला किया गया, जिसके कारण उसे कई चोट पहुंचीं और अंदरूनी रक्तस्राव हुआ. अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया.
मंगलुरु शहर के पुलिस आयुक्त अनुपम अग्रवाल ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ”मंदिर परिसर के पास शव मिलने के बाद पुलिस ने शुरु में इस घटना के संबंध में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया और जांच शुरू की. 28 अप्रैल को किए गए पोस्टमार्टम से पुष्टि हुई कि कई चोट पहुंचने और इलाज के अभाव के कारण उसकी मौत हुई थी.” उन्होंने बताया कि एक निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर मंगलुरु ग्रामीण पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 103(2) (पांच या अधिक व्यक्तियों के समूह द्वारा हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है.
अधिकारी ने बताया कि इस मामले में अब तक 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और पुलिस कम से कम 10 और लोगों की तलाश कर रही है. अग्रवाल ने कहा, ”इस मामले के मुख्य आरोपी की पहचान कुडुपु निवासी सचिन के रूप में हुई है. वह पहले से ही हमारी हिरासत में है. इस मामले में लगाई गई धारा बहुत कठोर है, यदि आरोप सिद्ध हो जाता है तो आरोपी को व्यक्तिगत रूप से या समूह के रूप में आजीवन कारावास और यहां तक कि मृत्युदंड की भी सजा सुनाई जा सकती है. हमने बीएनएस के तहत यह धारा लगाई है क्योंकि अपराध में पांच से अधिक लोग शामिल रहे हैं.” उन्होंने बताया कि शेष संदिग्धों का पता लगाने और उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं.
पुलिस ने कहा कि घटनाओं का क्रम जानने के लिए सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल डेटा का विश्लेषण किया जा रहा है. गृह मंत्री परमेश्वर ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ”भीड़ द्वारा हत्या की एक घटना की खबर मिली है लेकिन (मृतक का) नाम फिलहाल पता नहीं है और उसकी पहचान भी पता नहीं है…यह भी पता नहीं चल पाया है कि वह राज्य के बाहर से आया है या राज्य का ही है. मुझे बताया गया कि वह व्यक्ति कथित तौर पर ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ और इस तरह के अन्य नारे लगा रहा था जबकि वहां स्थानीय क्रिकेट मैच चल रहा था. जब उन्होंने यह सुना तो कुछ लोग एकत्र हुए और उसे पीटा.
हालांकि मौके पर ही उसकी मौत नहीं हुई थी, लेकिन बाद में उन्होंने कहा कि सदमे और अन्य कारणों से उसकी मौत हो गई.” मंत्री ने शांति और सद्भाव की अपील करते हुए कहा, ”मुझे अभी वास्तविक रिपोर्ट मिलनी बाकी है और करीब 10 या 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है तथा आगे की जांच जारी है. हम निश्चित रूप से इसे बहुत गंभीरता से लेंगे क्योंकि इस तरह की चीजें न केवल कर्नाटक में बल्कि कहीं भी नहीं होनी चाहिए.” उन्होंने कहा, ”कर्नाटक एक शांतिपूर्ण राज्य है और हम इस तरह की चीजों की अनुमति नहीं देना चाहते हैं. और मान लीजिए कि अगर उसने (पीड़ित ने) ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ जैसा कुछ कहा भी था तो वे कानून-व्यवस्था को अपने हाथ में लेने के बजाय उसे पुलिस को सौंप सकते थे.”
दक्षिण कन्नड़ जिले के प्रभारी मंत्री दिनेश गुंडू राव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में इस हत्या की निंदा की और पुलिस को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा, ”क्रिकेट खेलते समय कुछ खिलाड़ियों और दूसरे समुदाय के एक युवक के बीच कहासुनी हो गई, जिसके परिणामस्वरूप मारपीट हुई.” उनके अनुसार, कई संदिग्धों को पहले ही हिरासत में ले लिया गया है तथा उचित जांच जारी है. राव ने कहा कि ऐसी घटनाएं सांप्रदायिक सद्भाव को खराब करती हैं. उन्होंने कहा, ”मैंने पुलिस को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. मैं जनता से शांति और सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने तथा अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करता हूं.”
कर्नाटक: ‘भारत विरोधी’ टिप्पणी को लेकर महिला चिकित्सक पुलिस जांच के दायरे में
मंगलुरु के एक निजी अस्पताल में कार्यरत एक महिला चिकित्सक कथित तौर पर सोशल मीडिया पर ‘भारत विरोधी संदेश’ पोस्ट करने को लेकर पुलिस जांच के दायरे में आ गई है. पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी. विवादित वीडियो पोस्ट में उक्त महिला चिकित्सक को कथित रूप से “आई हेट इंडिया” (मैं भारत से नफरत करती हूं) कहते हुए सुना जा सकता है.
मंगलुरु पुलिस ने सोमवार को बताया कि उसने मामले को संज्ञान में लिया है और पोस्ट की प्रमाणिकता तथा बयान के संदर्भ की जांच की जा रही है. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “फिलहाल हम अधिक जानकारी जुटा रहे हैं और यह सत्यापित कर रहे हैं कि क्या यह सामग्री किसी कानूनी प्रावधान का उल्लंघन करती है?” पुलिस ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई औपचारिक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है. पुलिस ने कहा कि प्रारंभिक जांच के नतीजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.



