बारासात/अगरतला. पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में अवैध रूप से रह रहे चार बांग्लादेशी आप्रवासियों को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने यह जानकारी दी. एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें भारत-बांग्लादेश सीमा के पास बनगांव के मोतीगंज से पकड़ा गया है.
उन्होंने बताया कि बांग्लादेशियों की पहचान सुमी मोल्ला, सबीना मोल्ला, अलीफा मोल्ला और बेफ्लाब मोल्ला के रूप में हुई है. सभी की उम्र 11 से 20 साल के बीच है. अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान उन्होंने पुलिस को बताया कि वे काम की तलाश में सीमा पार कर आये थे. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किये गये लोगों में से तीन बांग्लादेश के नरैल के निवासी हैं, जबकि चौथा व्यक्ति जेस्सोर का रहने वाला है. अधिकारी ने बताया कि अदालत ने उन्हें तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है.
त्रिपुरा में तीन अवैध बांग्लादेशी प्रवासी पकड़े गये
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने मंगलवार को त्रिपुरा के खोवाई जिले में स्थित तेलियामुरा रेलवे स्टेशन से अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने वाले तीन बांग्लादेशी नागरिकों और दो संदिग्ध मानव तस्करों को गिरफ्तार किया. बीएसएफ के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर बीएसएफ जवानों ने उन्हें उस समय पकड़ा, जब वे अगरतला-सिलचर ट्रेन में सवार होने की कोशिश कर रहे थे.
अधिकारी ने बताया, “गिरफ्तार किए गए तीनों बांग्लादेशी नागरिक सिलहट जिले के लकरगांव के निवासी हैं, जबकि दो भारतीय नागरिक त्रिपुरा के खोवाई और असम के सिलचर के रहने वाले हैं.” उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस के हवाले किया जाएगा. इस बीच, पुलिस ने बताया कि सोमवार को त्रिपुरा के सिपाहीजला जिले के धनपुर इलाके से मानव तस्करी के कई मामलों में वांछित 36 वर्षीय व्यक्ति को उसके घर से गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान जाकिर अली के रूप में हुई है.