सुदीरमन कप: इंडोनेशिया से 1-4 से हार कर बाहर हुआ भारत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 29 Apr 2025 09:30 PM
सुदीरमन कप: इंडोनेशिया से 1-4 से हार कर बाहर हुआ भारत
ऑडियो सुनें

शियामेन. लंबे समय से खराब लय में चल रहे एचएच प्रणय और ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ने एक बार फिर निराश किया जिससे भारत मंगलवार को ग्रुप डी के मैच में इंडोनेशिया से 1-4 से हारने के बाद बीडब्ल्यूएफ (विश्व बैडमिंटन संघ) सुदीरमन कप फाइनल से बाहर हो गया.

भारत को इससे पहले रविवार को अपने शुरुआती मैच में डेनमार्क से 1-4 से हारने के बाद नॉकआउट चरण की दौड़ में बने रहने के लिए इस मुकाबले में जीत की जरूरत थी. इस हार ने इंग्लैंड के खिलाफ भारत के आखिरी ग्रुप मैच को महत्वहीन बना दिया है. इंग्लैंड भी टूर्नामेंट से बाहर हो गया है.

अपने शुरुआती मैच में इंग्लैंड को 5-0 से हराने वाले इंडोनेशिया और डेनमार्क ने ग्रुप डी से नॉकआउट चरण में अपनी जगह पक्की की. डेनमार्क ने भी मंगलवार को इंग्लैंड को 5-0 से शिकस्त दी. डेनमार्क के खिलाफ महिला और पुरुष एकल मैच में हार का सामना करने वाले क्रमश: सिंधू और प्रणय इंडोनेशिया के अपने प्रतिद्वंद्वियों की चुनौती से पार नहीं पा सके.

भारत ने मिश्रित युगल में ध्रुव कपिला और तनिषा क्रास्टो की जोड़ी के साथ विजयी शुरुआत की. इस जोड़ी ने एक घंटे और 10 मिनट तक चले कड़े मुकाबले में रेहान नौफाल कुशारजंतो और ग्लोरिया इमानुएल विडजाला को 10-21, 21-18, 21-19 से हराया. टीम की बढ़त को बनाये रखने की जिम्मेदारी इसके बाद अनुभवी सिंधू पर थी लेकिन विश्व रैंकिंग में 18वें स्थान पर खिसक गयी इस खिलाड़ी को मात्र 38 मिनट में 11वें नंबर की खिलाड़ी पुत्री कुसुमा वर्दानी से ने आसानी से 21-12, 21-13 से हराया.

प्रणय के सामने जोनाथन क्रिस्टी की चुनौती थी. भारतीय खिलाड़ी ने शुरुआती गेम को 21-19 से जीतकर मजबूत शुरुआत की लेकिन विश्व रैंकिंग में छठे स्थान पर काबिज खिलाड़ी के खिलाफ दूसरा और तीसरा गेम 14-21, 12-21 से गंवा बैठे. महिला युगल में प्रिया कोनजेंगबाम और श्रुति मिश्रा की भारतीय जोड़ी लैनी त्रिया मायासरी और सिती फादिया सिल्वा रामधंती के सामने कोई मुकाबला नहीं कर सकी. भारतीय जोड़ी को 10-21, 9-21 से हार का सामना करना पड़ा.इस हार के साथ ही भारत टूर्नामेंट से बाहर हो गया.

इसके बाद महत्वहीन पांचवें मैच में हरिहरन अम्साकरुणन और रुबन कुमार रेथिनासाबापति की अनुभवहीन भारतीय पुरुष युगल ने इंडोनेशिया के उच्च रैंकिंग वाले मुहम्मद शोहिबुल फिकरी और डेनियल मार्थिन की जोड़ी को कड़ी टक्कर दी लेकिन सीधे लेकिन 50 मिनट तक चले मुकाबले में 20-22, 18-21 से हार गये. सुदीरमन कप में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दो बार 2011 और 2017 में क्वार्टर फाइनल में पहुंचना रहा है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu