
नयी दिल्ली. अगले डेढ़ साल में 10 लाख नौकरियां देने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फैसले की कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा आलोचना किए जाने के बीच केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को कहा कि राहुल को पहले अपने ऊपर लगे भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों के संबंध में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को सही जवाब देना चाहिए.
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री द्वारा सभी विभागों और मंत्रालयों में अगले डेढ़ साल के दौरान 10 लाख लोगों की भर्ती करने के लिए दिए गए निर्देश को लेकर आरोप लगाया कि यह जुमलों की नहीं, बल्कि ‘महा जुमलों’ की सरकार है. ठाकुर ने कहा कि हालांकि युवाओं के हित में लिए गए प्रधानमंत्री के फैसले का सभी ने स्वागत किया है, लेकिन राहुल गांधी ने गुस्सा व्यक्त किया और सवाल किया कि युवाओं को नौकरी क्यों मिलेगी.
भाजपा नेता ने संवाददाताओं से कहा, “मैं राहुल जी से केवल इतना कहूंगा कि आप पहले अपने ऊपर लगे भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों पर ईडी को सही जवाब दें ताकि आप अपनी पूछताछ के दो दिनों के दौरान जानकारी दे सकें.’’ ठाकुर ने कहा, “फैसले का स्वागत करने के बजाय, मुझे लगता है कि वह अन्य मुद्दों से निपटने में बहुत व्यस्त हैं और इस फैसले के प्रति अपनी प्रसन्नता जताने में असमर्थ हैं.”
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा, “यह देश के युवाओं के लिए बड़ी खबर है… हम इस फैसले का स्वागत करते हैं और सभी मंत्रालयों तथा विभागों के साथ बैठकें शुरू कर दी हैं, ताकि जल्द से जल्द ऐसा किया जा सके. प्रधानमंत्री ने 18 महीने की समयसीमा तय की है, ताकि 10 लाख पदों को भरा जा सके.” इससे पहले कांग्रेस नेता ने ट्वीट किया, ‘‘जैसे 8 साल पहले युवाओं को हर साल 2 करोड़ नौकरियों का झांसा दिया था, वैसे ही अब 10 लाख सरकारी नौकरियों की बारी है. ये जुमलों की नहीं, ‘महा जुमलों’ की सरकार है.’’ राहुल गांधी ने आरोप लगाया, ‘‘प्रधानमंत्री जी नौकरियां बनाने में नहीं, नौकरियों पर ‘न्यूज’ बनाने में एक्सपर्ट (विशेषज्ञ) हैं.’’
ठाकुर ने जैन की याददाश्त जाने के दावे पर ‘आप’ को निशाने पर लिया
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कोविड के बाद याददाश्त जाने के दिल्ली के गिरफ्तार मंत्री सत्येंद्र जैन के कथित दावे को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के नेतृत्व को मंगलवार को निशाने पर लिया और पूछा कि ऐसा शख्स कैसे मंत्री बना रह सकता है? ठाकुर ने ऐसे शख्स को मंत्रिमंडल में बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री अरंिवद केजरीवाल पर सवाल उठाया और हैरानी जताई कि जैन कैसे विभाग चला सकते हैं? ठाकुर ने इस बात पर भी आश्चर्य जताया कि जैन हिमाचल प्रदेश में लोगों को कैसे याद रख सकते हैं, जहां वह पार्टी मामलों के प्रभारी हैं.
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित रूप से निचली अदालत को सूचित किया कि जैन को पूछताछ के दौरान जब कथित हवाला लेन-देन से संबंधित दस्तावेजÞ दिखाए गए तो उन्होंने दावा किया कि कोविड संक्रमण के प्रभाव के कारण उनकी याददाश्त चली गई है.
ईडी ने कथित अवैध लेन-देन से जुड़े मामले में धनशोधन के आरोप में जैन को 30 मई को गिरफ्तार किया था. वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं. इस साल अप्रैल में जैन के परिवार से जुड़ी 4.81 करोड़ रुपये की संपत्ति को कुर्क किया गया था.
ठाकुर ने केंद्रीय मंत्रिमंडल की ब्रींिफग के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘मुझे आश्चर्य है कि जो लोग अपनी याददाश्त खो बैठे हैं, वे कुछ सरकारों में कैसे मंत्री बने रहते हैं. केजरीवाल जी ने ऐसे मंत्रियों को रखा है जिनकी याददाश्त चली गई है.’’ केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘मैं हिमाचल प्रदेश के लोगों को यह भी बताना चाहूंगा कि ‘आप’ ने एक ऐसा प्रभारी बनाया है जिनकी याददाश्त अच्छी नहीं है और कल उन्हें वह शख्स भी याद नहीं रहेगा, जिसने उनसे मुलाकात की है. ’’ हिमाचल प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं और ‘आप’ पड़ोसी राज्य पंजाब में अपनी हालिया जीत के बाद पहाड़ी राज्य में पैठ बनाने की कोशिश कर रही है.



