बेंगलुरु में IPL मैच के दौरान IPS अधिकारी के बच्चों के ‘उत्पीड़न’ के मामले में प्राथमिकी दर्ज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 06 May 2025 09:40 PM
बेंगलुरु में IPL मैच के दौरान IPS अधिकारी के बच्चों के ‘उत्पीड़न’ के मामले में प्राथमिकी दर्ज
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु. बेंगलुरु में एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) के हालिया मैच के दौरान भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के एक वरिष्ठ अधिकारी के बच्चों के उत्पीड़न की शिकायत के बाद यौन उत्पीड़न एवं आपराधिक धमकी का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि घटना तीन मई को रात करीब नौ बजकर 40 मिनट पर स्टेडियम में महंगे टिकट वाले बैठने के स्थान ‘डायमंड बॉक्स’ में हुई.

शिकायतकर्ता आईपीएस अधिकारी की पत्नी के अनुसार, दो अज्ञात लोगों ने उनके बेटे (22) से दुर्व्यवहार किया और उनकी बेटी (26) को गलत तरीके से छुआ. उन्होंने आरोप लगाया कि अज्ञात दंपत्ति ने जोर-जोर से चिल्लाकर उनके बच्चों को धमकाया और परेशान किया. उन्होंने उनकी बेटी से भी दुर्व्यवहार किया और उससे ”अभद्र” व्यवहार किया. शिकायतकर्ता ने दावा किया कि पूरी घटना उनके बेटे ने अपने मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड की है. पुलिस ने कहा कि घटना में शामिल संदिग्धों में से एक वरिष्ठ आयकर अधिकारी है.

पुलिस ने कहा कि शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351 (1) (आपराधिक धमकी), 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान) 75 (1) (यौन उत्पीड़न), 79 (किसी महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से किए गए आपराधिक कृत्य) के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने कहा कि मामले में आगे की जांच जारी है. घटना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के बीच मैच के दौरान हुई.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu