दादा साहब फाल्के की कहानी लेकर आएंगे आमिर खान और राजकुमार हिरानी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 15 May 2025 09:05 PM
दादा साहब फाल्के की कहानी लेकर आएंगे आमिर खान और राजकुमार हिरानी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. अभिनेता आमिर खान और फिल्म निर्माता राजकुमार हिरानी अब भारतीय सिनेमा के जनक दादा साहब फाल्के की कहानी को पर्दे पर लेकर आ रहे हैं. निर्माताओं ने बृहस्पतिवार को इसकी घोषणा की. यह फीचर फिल्म ‘3 इडियट्स’ (2009) और ‘पीके’ (2014) के बाद खान और हिरानी की तीसरी फिल्म होगी. प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस फिल्म की शूटिंग अक्टूबर में शुरू होगी और अभिनेता अपनी नवीनतम फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ के रिलीज होने के बाद इस भूमिका के लिए तैयारी शुरू करेंगे.

दादा साहब फाल्के के नाम से प्रसिद्ध धुंडीराज गोविंद फाल्के, भारतीय सिनेमा की एक प्रमुख हस्ती थे. उन्होंने 1913 में आई फिल्म ‘राजा हरिश्चंद्र’ का निर्देशन किया, जिसे भारत की पहली फीचर फिल्म माना जाता है. उनकी अन्य उल्लेखनीय फिल्मों में ‘लंका दहन’, ‘श्री कृष्ण जन्म’ और ‘कालिया मर्दन’ जैसी कई फिल्में हैं.

भारत सरकार ने 1969 में फाल्के की याद में भारतीय सिनेमा के सर्वोच्च सम्मान ‘दादा साहब फाल्के पुरस्कार’ की शुरुआत की. यह पुरस्कार भारतीय सिनेमा में योगदान के लिए मिलने वाले सम्मान को लेकर राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में प्रतिवर्ष प्रदान किया जाता है.
विज्ञप्ति में आगे कहा गया है, ”स्वतंत्रता संग्राम की पृष्ठभूमि पर आधारित यह कहानी एक कलाकार की असाधारण यात्रा को उजागर करती है, जो तमाम बाधाओं के बावजूद, दुनिया में सबसे बड़े स्वदेशी फिल्म उद्योग को जन्म देता है.” इसमें कहा गया है कि हिरानी, उनके सहयोगी अभिजात जोशी और लेखक हिंदुकुश भारद्वाज और आविष्कार भारद्वाज पिछले चार वर्षों से फिल्म की पटकथा पर काम कर रहे हैं.

विज्ञप्ति के अनुसार, फाल्के के पोते चंद्रशेखर श्रीकृष्ण पुसालकर ने ‘इस फिल्म का समर्थन किया है और दादा साहब फाल्के के जीवन से जुड़ी प्रमुख बातें बताई हैं.” लॉस एंजिल्स स्थित वीएफएक्स स्टूडियो ने पहले ही फिल्म के युग और अवधि के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) डिजाइन को तैयार कर लिया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu