अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में ब्रुकलिन ब्रिज से टकराया मेक्सिको का नौसैनिक जहाज, दो लोगों की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 18 May 2025 08:40 PM
अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में ब्रुकलिन ब्रिज से टकराया मेक्सिको का नौसैनिक जहाज, दो लोगों की मौत
ऑडियो सुनें

न्यूयॉर्क. वैश्विक सद्भावना यात्रा के तहत अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर आया मेक्सिको की नौसेना का एक जहाज शनिवार रात ऐतिहासिक ब्रुकलिन ब्रिज से टकरा गया, जिसके कारण चालक दल के दो सदस्यों की मौत हो गई जबकि कम से कम 19 लोग घायल हो गए.

न्यूयॉर्क शहर के मेयर एरिक एडम्स ने कहा कि दुर्घटना में 142 साल पुराने पुल को कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन जहाज में सवार कम से कम 19 यात्रियों को चिकित्सा सहायता की आवश्यकता हुई. एडम्स ने कहा कि गंभीर रूप से घायल हुए चार में से दो लोगों की बाद में मौत हो गई. उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारणों का जांच की जा रही है. कई प्रत्यक्षर्दिशयों के बनाए वीडियो में, ‘क्वाउटेमोक’ नामक जहाज को ‘ईस्ट रिवर’ में तेजी से ब्रुकलिन ब्रिज की ओर बढ़ते हुए देखा जा सकता है. वीडियो में, जहाज के तीन ‘मास्ट’ (स्तंभ) पुल के मुख्य भाग से टकराने के बाद एक-एक करके टूटते हुए दिख रहे हैं.

वीडियो में रात 8:20 बजे हुई टक्कर के समय पुल पर भारी यातायात देखा जा सकता है. जहाज पर विशाल हरा, सफेद और लाल मैक्सिकन झंडा लहरा रहा था और उसमें 277 लोग सवार थे. मैक्सिको की नौसेना ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि अकादमी प्रशिक्षण पोत ‘क्वाउटेमोक’ ब्रुकलिन ब्रिज से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गया और अपनी यात्रा जारी नहीं रख सका. ‘पोस्ट’ में कहा गया है कि नौसेना और स्थानीय प्राधिकारी स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं.

ब्रुकलिन ब्रिज का उद्घाटन साल 1883 में किया गया था. इसका मुख्य हिस्सा लगभग 1,600-फुट (490-मीटर) लंबा है. शहर के परिवहन विभाग के अनुसार, हर दिन 1,00,000 से अधिक वाहन और अनुमानित 32,000 पैदल यात्री इस पुल से गुजरते हैं. मेक्सिको की नौसेना के अनुसार, लगभग 297 फुट लंबा और 40 फीट चौड़ा ‘क्वाउटेमोक’ जहाज पहली बार 1982 में पानी में उतरा था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu