मुंबई में आंधी-तूफान के साथ लगातार बारिश से जलभराव, उपनगरीय रेल सेवा प्रभावित

Author: navabharat digital
UPDATED: Mon, 26 May 2025 01:15 PM
मुंबई में आंधी-तूफान के साथ लगातार बारिश से जलभराव, उपनगरीय रेल सेवा प्रभावित
ऑडियो सुनें

मुंबई: दक्षिण पश्चिम मानसून के महाराष्ट्र पहुंचने के बाद राज्य में आंधी-तूफान और तेज हवा के साथ भारी बारिश हो रही है। राज्य के अलग-अलग इलाकों में बारिश से हाल बेहाल हैं। मुंबई शहर के कई हिस्सों में तेज बारिश हो रही है। कई हिस्सों में बारिश के बाद जलभराव के हालात बन गए हैं। सुबह से ही आंधी-तूफान और तेज हवा से हालात गंभीर होते जा रहे हैं। धूल भरी आंधी क वजह से दृश्यता कमजोर हुई, इससे रेल और सड़क यातायात प्रभावित हुआ है।

अधिकारियों ने बताया कि कुछ घंटों की लगातार बारिश के कारण मुंबई के कई निचले इलाकों और रेलवे ट्रैक पर जलभराव हो गया। इससे सोमवार सुबह सड़कों और लोकल ट्रेन सेवाओं पर यातायात प्रभावित हुआ। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की ओर से जारी की गई आंधी और तेज हवा की चेतावनी के बीच मुंबई के कई इलाकों, खासकर द्वीपीय शहर में कुछ घंटों तक तेज बारिश हुई।

मध्य रेलवे नेटवर्क पर मस्जिद, बायकुला, दादर, माटुंगा और बदलापुर रेलवे स्टेशनों पर भारी बारिश के कारण ट्रैक जलमग्न हो गए। इससे सुबह के व्यस्त घंटों में ट्रेनों की आवाजाही धीमी हो गई। किंग्स सर्कल, मंत्रालय, दादर टीटी ईस्ट, परेल टीटी, कालाचौकी, चिंचपोकली और दादर स्टेशन सहित निचले इलाकों में जलभराव देखा गया। इससे वाहनों का आवागमन प्रभावित हुआ।

उपनगरीय ट्रेनें और सड़क यातायात प्रभावित

मध्य रेलवे की हार्बर लाइन पर वडाला रोड और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के बीच उपनगरीय ट्रेन सेवाएं सुबह 10:25 बजे से स्थगित कर दी गईं।

किंग्स सर्किल, मंत्रालय, दादर टीटी ईस्ट, परेल टीटी, कालाचौकी, वडाला, हिंदमाता, केम्प्स कॉर्नर, चर्चगेट, चिंचपोकली और दादर सहित निचले इलाकों में जलभराव के कारण यातायात प्रभावित हुआ।

केईएम अस्पताल के आसपास भी भारी जलभराव देखा गया।
बेस्ट के प्रवक्ता ने कहा कि द्वीप शहर में चार स्थानों पर जलभराव के कारण एक दर्जन मार्गों पर बसों का मार्ग बदलना पड़ा।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital