प्रियांक पांचाल ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 26 May 2025 08:38 PM
प्रियांक पांचाल ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा की
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद. भारत ‘ए’ और गुजरात के पूर्व कप्तान प्रियांक पांचाल ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा की है. गुजरात क्रिकेट संघ (जीसीए) ने सोमवार को यह जानकारी दी. पैंतीस साल के पांचाल ने 127 प्रथम श्रेणी मैच खेले जिसमें उन्होंने 29 शतक और 34 अर्द्धशतक की मदद से 45.18 की औसत से 8,856 रन बनाए. दाएं हाथ के इस सलामी बल्लेबाज ने 97 लिस्ट ए मैच भी खेले जिसमें उन्होंने आठ शतक और 21 अर्द्धशतक के साथ 40.80 की औसत से 3,672 रन बनाए. उन्होंने 59 टी20 मैच में नौ अर्धशतक से 28.71 की औसत के साथ 1,522 रन बनाए.

जीसीए सचिव अनिल पटेल ने एक बयान में कहा, ”गुजरात क्रिकेट संघ प्रियांक पांचाल को उनके शानदार करियर के लिए बधाई देता है. इस बल्लेबाज ने सोमवार 26 मई 2025 को क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने की घोषणा की है.” उन्होंने कहा, ”दाएं हाथ के बल्लेबाज प्रियांक ने कप्तान के रूप में भारत ए का भी प्रतिनिधित्व किया. वह 17 से अधिक वर्षों तक घरेलू क्रिकेट में गुजरात क्रिकेट संघ का प्रतिनिधित्व करते हुए सलामी बल्लेबाज के रूप में ढेरों रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे.” रणजी ट्रॉफी में 2016-17 में पांचाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नाबाद 314 रन के सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर के साथ 1,310 रन बनाए. इसी सत्र में गुजरात ने शीर्ष घरेलू प्रतियोगिता रणजी ट्रॉफी जीती. वह विजय हजारे ट्रॉफी 2015-16 और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2012-13 और 2013-14 में खिताब जीतने वाली गुजरात टीम का हिस्सा भी रहे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu