आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप: तेजस्विनी को स्वर्ण, भारत पदक तालिका में शीर्ष पर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 26 May 2025 08:34 PM
आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप: तेजस्विनी को स्वर्ण, भारत पदक तालिका में शीर्ष पर
ऑडियो सुनें

सुहल. भारतीय निशानेबाज तेजस्वनी ने सोमवार को यहां आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप में महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता जिससे चीन को पछाड़कर भारत तालिका में शीर्ष पर रहा. हरियाणा की 20 वर्ष की तेजस्विनी का यह विश्व कप में पहला पदक है . जूनियर निशानेबाजों के लिए दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भारत तीन स्वर्ण, चार रजत और चार कांस्य सहित कुल 11 पदकों के साथ तालिका में शीर्ष पर है. तेजस्विनी ने आठ महिलाओं के फाइनल में पांच शॉट लगाकर कुल 31 अंक बनाए.

व्यक्तिगत तटस्थ एथलीट के तौर पर भाग ले रही बेलारूस की एलिना नेस्टियारोविच ने 29 के साथ रजत पदक जीता जबकि हंगरी की मिरियम जाको ने 23 अंक बनाकर कांस्य पदक हासिल किया. तेजस्विनी इससे पहले क्वालिफिकेशन चरण में 575 अंक के साथ चौथे स्थान पर रही थी. चीन की ताओताओ झाओ इसमें 589 अंक के साथ शीर्ष पर थी. ताओताओ (18) हालांकि फाइनल में चीनी ताइपे की येन-चिंग चेंग (22) के बाद पांचवें स्थान पर रही.

महिलाओं की 25 मीटर स्पर्धा में अन्य भारतीय रिया शिरीष थट्टे, नाम्या कपूर और दिवांशी क्वालिफिकेशन में क्रमश? 15वें, 18वें और 24वें स्थान पर रहीं. भारत ने पिछले पांच में से चार आईएसएसएफ जूनियर स्पर्धाओं में शीर्ष स्थान हासिल किया है . इससे पहले भारत सुहल में 2023 विश्व कप और पिछले साल पेरू के लीमा में संयुक्त जूनियर विश्व चैम्पियनशिप में शीर्ष पर रहा था .

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu