मोदी ने प्रधानमंत्री के रूप में पूरे किए 11 साल : भाजपा ने उनके नेतृत्व को सराहा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 26 May 2025 10:44 PM
मोदी ने प्रधानमंत्री के रूप में पूरे किए 11 साल : भाजपा ने उनके नेतृत्व को सराहा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री के रूप में नरेन्द्र मोदी का 11 साल का कार्यकाल पूरे होने पर भाजपा ने सोमवार को उनके नेतृत्व की सराहना की और कहा कि यह कार्यकाल ”कई शानदार पहल, नीतियों और रणनीतिक कार्रवाई” की पहचान बन गया है, जिससे देश मजबूत हुआ है. वर्ष 2014 में 26 मई को मोदी ने पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी. पिछले साल नौ जून को उन्होंने तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी.

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ”भारत के प्रधानमंत्री के रूप में 11 साल पूरे करने पर नरेन्द्र मोदी जी को हार्दिक बधाई.” पात्रा ने कहा कि देश प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, विकास के प्रति अटूट प्रतिबद्धता और भारत के वैश्विक कद को बढ़ाने के अथक प्रयासों के लिए ”आभारी” है.

जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्री जुएल ओरांव ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ”इस दिन, हम भारत के प्रधानमंत्री के रूप में नरेन्द्र मोदी जी के 11 परिवर्तनकारी वर्ष मना रहे हैं, एक यात्रा जो 26 मई, 2014 को ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के दृष्टिकोण के साथ शुरू हुई थी.” भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”26 मई, 2014 को नरेन्द्र मोदी जी ने राष्ट्र की सेवा करने की शपथ के साथ प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी. तब से मोदी जी दिन-रात ‘प्रधान सेवक’ के रूप में लोगों की सेवा में लगे हुए हैं.” उन्होंने कहा कि इन वर्षों में देश ने ऐसे निर्णय लिए हैं जो ”अकल्पनीय और अभूतपूर्व” हैं. भाजपा ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर लिखा, ”26 मई 2014 को भारत ने सिर्फ शपथ ग्रहण नहीं देखा. यह एक नए युग की शुरुआत का भी साक्षी बना.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu