गाजियाबाद में अपराधी को पकड़ने गई पुलिस पर हमला, एक कांस्टेबल की मौत, दो आरोपी गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 26 May 2025 10:44 PM
गाजियाबाद में अपराधी को पकड़ने गई पुलिस पर हमला, एक कांस्टेबल की मौत, दो आरोपी गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

नोएडा/गाजियाबाद. गाजियाबाद जिले में वांछित अपराधी को पकड़ने गई नोएडा पुलिस के एक दल पर एक समूह ने जानलेवा हमला कर दिया जिससे एक कांस्टेबल की मौत हो गई और कई अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए. गौतमबुद्ध नगर पुलिस के एक प्रवक्ता ने सोमवार को यह जानकारी दी.

प्रवक्ता ने बताया कि घटना रविवार देर रात गाजियाबाद जिले के मसूरी इलाके की है जब नोएडा के थाना फेज-तीन में दर्ज एक मामले में वांछित अपराधी कादिर को पकड़ने के लिए पुलिस दल छापेमारी करने गया. उन्होंने बताया कि पुलिस दल ने कादिर को पकड़ लिया तभी अपराधी और उसके साथियों ने उन पर जानलेवा हमला करते हुए गोलीबारी की और पथराव भी किया. प्रवक्ता ने बताया कि इस दौरान कांस्टेबल सौरभ (32) के सिर में गोली लग गई और उपनिरीक्षक सचिन राठी, उदित सिंह, सुमित, निखिल सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए.

गाजियाबाद पुलिस के अनुसार नोएडा पुलिस ने छापा मारकर लूट के मामले में वांछित कादिर नामक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन जब पुलिस कादिर को अपने साथ ले जा रही थी, तभी पंचायत भवन के पास छिपे उसके साथियों ने पुलिस पर गोलीबारी और पथराव कर कादिर को छुड़ा लिया. गाजियाबाद ग्रामीण क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि बदमाशों ने कई गोलियां चलाईं, जिसमें से एक गोली सौरभ कुमार देशवाल को लगी. उन्हें तुरंत गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सौरभ को मृत घोषित कर दिया.

सूचना मिलने पर गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) की पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह घटना की जानकारी लेने अस्पताल पहुंचीं. गौतमबुद्धनगर के थाना फेस-3 के उप निरीक्षक सचिन ने मसूरी थाने में मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई है. बाद में नोएडा पुलिस ने कादिर को गिरफ्तार कर लिया, जो हंगामे का फायदा उठाकर अपने साथियों के साथ भाग गया था. उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मसूरी पुलिस को सौंप दिया गया है. डीसीपी तिवारी ने बताया कि अन्य कानूनी कार्यवाही जारी है और कादिर के अन्य साथियों की तलाश की जा रही है.
नोएडा के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कादिर के खिलाफ 16 मुकदमे दर्ज हैं. शामली जिले के निवासी सौरभ नोएडा के फेज-तीन थाने में तैनात थे. कांस्टेबल की मौत पर शोक प्रकट करते हुए पुलिस प्रवक्ता ने कहा, ”उनके निधन से पुलिस विभाग को भारी क्षति हुई है.” बाद में सोमवार शाम को मसूरी पुलिस और स्वाट टीम ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर एक अंडरपास के पास हुई मुठभेड़ के बाद हमले में शामिल दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया.

सहायक पुलिस आयुक्त (मसूरी) लिपि नगाइच ने बताया कि आरोपियों को एक गुप्त सूचना के आधार पर नाहल गांव के जंगल में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पकड़ा गया. उन्होंने बताया, ह्लनिरीक्षण अभियान के दौरान पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल सवार दो लोगों को संदेह के आधार पर रुकने का इशारा किया. मगर रुकने के बजाय उन्होंने भागने की कोशिश की. इस दौरान उनकी मोटरसाइकिल फिसल गई और दोनों गिर गए. घेरने पर उन्होंने पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं. जवाबी फायरिंग में दोनों के पैर में गोली लग गई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.” नगाइच ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों की पहचान नान्हू और अब्दुल सलाम के रूप में हुई है. दोनों नाहल के निवासी हैं. पूछताछ के दौरान उन्होंने 25 मई की रात को इलाके में छापेमारी करने पहुंची नोएडा पुलिस टीम पर गोलीबारी और पथराव में अपनी संलिप्तता कुबूल की है. पुलिस ने उनके पास से दो तमंचे, दो कारतूस और दो खोखे तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu