जम्मू-कश्मीर मेरा भी घर, वहां शूटिंग के लिए जाऊंगा : कमल हासन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 29 May 2025 08:14 PM
जम्मू-कश्मीर मेरा भी घर, वहां शूटिंग के लिए जाऊंगा : कमल हासन
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. अभिनेता कमल हासन का कहना है कि कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक पूरा देश उनका घर है और वह फिल्म की शूटिंग के लिए कश्मीर भी जाएंगे, लेकिन शायद अभी इसका सही समय नहीं है. प्रसिद्ध अभिनेता एवं फिल्मकार हासन ने बताया कि उनकी फिल्म ‘अमरन’ की शूटिंग महज छह महीने पहले कश्मीर में हुई थी. इस फिल्म का निर्माण उन्होंने अपने बैनर राज कमल फिल्म्स इंटरनेशनल के तहत किया था. हासन ने अपनी फिल्म ‘अभय’ की शूटिंग भी कश्मीर में की थी.

कमल हासन (70) ने पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले और इसके जवाब में पाकिस्तान के खिलाफ की गयी भारत की सैन्य कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के कारण पैदा हुए हालात को लेकर कहा, ” कला के बारे में बात बाद में की जा सकती है. ” अभिनेता ने कहा कि पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद उनकी आगामी फिल्म ‘ठग लाइफ’ के ‘ऑडियो लॉन्च’ को टाल दिया गया था.

हासन ने इस सप्ताह ‘पीटीआई’ मुख्यालय में एक विशेष बातचीत में कहा, ”ऐसे नाजुक समय में हमने अपने जश्न भी स्थगित कर दिए. जब तक हमें सरकार और सेना से हरी झंडी नहीं मिली, हमने ‘ठग लाइफ’ का प्रचार फिर से शुरू नहीं किया. ” उन्होंने कहा, ”हम इसका इंतजार कर रहे थे, क्योंकि जब हमारे जवान वहां शहीद हो रहे थे, तो हम जश्न नहीं मना सकते. तो यह मेरी पहली भावना है. मैंने कहा कि कला की बात बाद में की जा सकती है, यही मैंने सोचा… इससे स्थानीय लोग भी परेशान हो सकते हैं…. ” क्या वह कश्मीर में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए वहां किसी फिल्म की शूटिंग करना चाहेंगे? इस पर हासन ने कहा, ”शायद अभी नहीं, लेकिन मैं ऐसा जरूर करूंगा, क्योंकि यह मेरी जगह भी है… कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक मेरा घर है. मैं अब भी इसमें विश्वास करता हूं.” साल 2001 में आई फिल्म ‘अभय’ में कमल हासन ने दोहरी भूमिका निभाई थी. यह फिल्म कश्मीर में शुरू होती है, जहां अभिनेता का कमांडो वाला किरदार एक आतंकी हमले को नाकाम करता है.

‘अमरन’ मेजर मुकुंद वरदराजन पर आधारित है, जो 2014 में कश्मीर में एक आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान शहीद हुए थे. इसमें शिवकार्तिकेयन और साई पल्लवी मुख्य भूमिका में थे. फिल्म जगत के दो दिग्गज अभिनेता कमल हासन और निर्देशक मणिरत्नम 35 साल बाद एक बार फिर साथ काम कर रहे हैं. मणिरत्नम की आगामी फिल्म ‘ठग लाइफ’ में कमल हासन अहम भूमिका में हैं.

“अपूर्व रागंगल”, “नायकन”, “थेवर मगन”, “सदमा”, “पुष्पक” और “चाची 420” जैसी फिल्मों में शानदार अभिनय करने वाले हासन की आने वाले दिनों में फिल्म “ठग लाइफ” रिलीज होने वाली है, जिसका निर्देशन मणिरत्नम ने किया है. फिल्म 5 जून को कई भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. दक्षिण भारतीय फिल्मों के कई अन्य सितारों की तरह राजनीतिक पार्टी शुरू करने वाले हासन ने कई फिल्मों का निर्देशन भी किया है, जिनमें ‘हे राम’ और ‘विश्वरूपम’ शामिल हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu