वेस्ट बैंक में और यहूदी बस्तियां बसाएंगे: इजराइल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 29 May 2025 09:49 PM
वेस्ट बैंक में और यहूदी बस्तियां बसाएंगे: इजराइल
ऑडियो सुनें

यरूशलम/काहिरा. इजराइल ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह कब्जे वाले वेस्ट बैंक में 22 नयी यहूदी बस्तियां बसाएगा. इजराइल ने 1967 के पश्चिम एशिया युद्ध में गाजा, पूर्वी यरूशलम और वेस्ट बैंक पर कब्जा कर लिया था और फलस्तीनी चाहते हैं कि उनके भविष्य के राष्ट्र में ये तीनों क्षेत्र शामिल हों. ज्यादातर देश बस्तियों को अवैध और दशकों पुराने संघर्ष को हल करने में बाधा मानते हैं. रक्षा मंत्री इजरायल कैट्ज ने कहा कि बस्तियां बसाने से हमारी पकड़ मजबूत होगी.

उन्होंने कहा “इस फैसले से इजराइल की भूमि पर हमारे ऐतिहासिक अधिकार को मजबूत मिलेगी और फलस्तीनी आतंकवाद कुचला जाएगा.” उन्होंने कहा कि यह “एक रणनीतिक कदम है जो इजराइल के लिए खतरा बनने वाले फलस्तीनी राष्ट्र की स्थापना को रोकेगा.” इजराइल पहले ही इस क्षेत्र में 100 से अधिक बस्तियां बसा चुका है, जिनमें लगभग पांच लाख लोग रह रहे हैं. वेस्ट बैंक में 30 लाख फलस्तीनी रहते हैं, जिनपर इजराइली सेना का पहरा रहता है. वेस्ट बैंक में पश्चिम देशों का समर्थन प्राप्त फलस्तीनी प्राधिकरण शासन करता है.

इस बीच, गाजा में बीती रात हुए इजराइली हमलों में 13 लोगों की मौत हो गई. स्थानीय अस्पतालों ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि बुधवार देर रात गाजा शहर में एक कार पर हुए हमले में चार लोगों की मौत हुई जबकि दो महिलाओं और तीन बच्चों समेत आठ अन्य लोग जबालिया में एक घर पर हुए हमले में मारे गए. इसके अलावा मध्य गाजा में एक शरणार्थी शिविर पर हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 18 लोग घायल हो गए. इजराइली सेना की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

हमास की सशस्त्र शाखा का प्रमुख मोहम्मद सिनवार मारा गया: नेतन्याहू

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बुधवार को कहा कि हमास की सशस्त्र शाखा का प्रमुख माना जाने वाला मोहम्मद सिनवार मारा जा चुका है. उन्होंने गाजा में हाल में हुए एक हमले में उसकी मौत की स्पष्ट रूप से पुष्टि की. हमास की ओर से हालांकि तत्काल इसकी पुष्टि नहीं की गई है.

मोहम्मद सिनवार सात अक्टूबर 2023 को हुए हमले की योजना बनाने में मदद करने वाले या’ा सिनवार का भाई है. या’ा को अक्टूबर 2024 में इजराइली सुरक्षा बलों ने मार गिराया था. नेतन्याहू ने संसद में एक बयान में सिनवार के मारे जाने का उल्लेख किया और उसे युद्ध के दौरान मारे गए हमास के शीर्ष नेताओं में से एक बताया. नेतन्याहू ने कहा, “हम हजारों आतंकवादियों को मार चुके हैं. हमने (मोहम्मद) देइफ, (इस्माइल) हानिया, या’ा सिनवार और मोहम्मद सिनवार को मार गिराया.” नेतन्याहू ने इस बारे में विस्तार से नहीं बताया.

इजराइल की मीडिया ने खबर दी है कि मोहम्मद सिनवार 13 मई को हुए हमले में निशाने पर था. सेना ने हालांकि सिनवार को निशाना बनाए जाने या मारे जाने के बारे में टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. मोहम्मद सिनवार का जन्म 1975 में दक्षिण गाजा के शहर खान यूनिस में एक शरणार्थी शिविर में हुआ था. सिनवार का परिवार उन लाखों फलस्तीनी परिवारों में से एक था जिन्हें 1948 में इजराइल की स्थापना के दौरान वहां से खदेड़ दिया गया था.

मोहम्मद सिनवार 2006 में इजराइली सेना की चौकी पर हुए हमले की योजना बनाने वालों में से एक था. उस हमले के दौरान चरमपंथियों ने इजराइली सैनिक गिलाद शालिट को पकड़कर पांच साल तक हिरासत में रखा था और बाद में या’ा सिनवार समेत 1,000 से अधिक फलस्तीनी कैदियों के बदले में छोड़ दिया गया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu