असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर, शाह ने मुख्यमंत्री से हालात की जानकारी ली

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 01 Jun 2025 08:18 PM
असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर, शाह ने मुख्यमंत्री से हालात की जानकारी ली
ऑडियो सुनें

गुवाहाटी/रंगिया/जोरहाट. असम में रविवार को भी बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी रही. राज्य की 10 प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं और 15 से अधिक जिलों में 78,000 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य में बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली और हरसंभव सहायता की पेशकश की.

अधिकारियों ने बताया कि राज्य में बाढ़ और भूस्खलन से अब तक आठ लोगों की मौत हुई और 15 से अधिक जिलों के 78,000 से अधिक निवासी प्रभावित हुए हैं. उन्होंने बताया कि बाढ़ और भूस्खलन से सड़क परिवहन, रेल यातायात और नौका सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं. केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) ने बाढ़ की गंभीर स्थिति के मद्देनजर राज्य के लिए ‘ऑरेंज बुलेटिन’ जारी किया है. आयोग के मुताबिक ब्रह्मपुत्र और बराक समेत 10 प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं. इस बीच, शाह ने मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा को फोन कर राज्य की स्थिति का जायजा लिया.

शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी पोस्ट में कहा, ”माननीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी ने असम में बाढ़ के बारे में जानकारी लेने के लिए कुछ देर पहले मुझे फोन किया और मौजूदा स्थिति से निपटने के लिए हर संभव सहायता की पेशकश की.” मुख्यमंत्री ने कहा, ”मैंने उन्हें उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी है और हम उनके सहयोग के लिए आभारी हैं.” पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के प्रवक्ता ने बताया कि पिछले 24 घंटों में हुई भारी बारिश और बरईग्राम-दुल्लभछड़ा खंड पर पटरियों के ऊपर से पानी बहने के कारण दुल्लभछड़ा-सिलचर सवारी गाड़ी, सिलचर-दुल्लभछड़ा सवारी गाड़ी और बदरपुर-दुल्लाभछड़ा-बदरपुर सवारी गाड़ी को दो दिन के लिए रद्द कर दिया गया है.

उन्होंने बताया कि गुवाहाटी-दुल्लभछड़ा-गुवाहाटी ट्रेन को बाराईग्राम से ही शुरू किया जाएगा तथा मंगलवार तक बाराईग्राम और दुल्लभछड़ा के बीच यह ट्रेन रद्द रहेगी. अधिकारियों ने बताया कि शनिवार से कामरूप जिले के चायगांव क्षेत्र के शिंगरा शालनीबाड़ी के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग-17 के बड़े हिस्से पर पानी भर गया है जिससे यातायात प्रभावित हुआ है.

उन्होंने बताया कि भारी बारिश के साथ-साथ पड़ोसी राज्य मेघालय से आने वाला पानी स्थिति को और गंभीर बना रहा है. अधिकारियों ने बताया कि वैकल्पिक मार्गों के जरिए यातायात सुगम बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं. अधिकारियों ने बताया कि ब्रह्मपुत्र नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण जोरहाट और माजुली के बीच नौका सेवाएं तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दी गई हैं. सीडब्ल्यूसी के बुलेटिन में कहा गया है कि डिब्रूगढ़ और निमती घाट (जोरहाट) में ब्रह्मपुत्र नदी खतरे के निशान से ऊपर प्रवाहित हो रही है.

अन्य नदियां जो खतरे के निशान को पार कर गई हैं उनमें घारमुरा (हैलाकांडी) में धलेश्वरी नदी, ढोलाई (कछार) में रुकनी, मटिजुरी (हैलाकांडी) में कटखल, बदरपुर घाट (श्रीभूमि) में बराक, नुमालीगढ़ (गोलाघाट) में धनसिरी और कांपुर (नगांव) में कोपिली शामिल हैं.
असम राज्य आपदा प्रबंधन (एएसडीएमए) के बुलेटिन के अनुसार शनिवार शाम तक भूस्खलन से पांच और बाढ़ से तीन लोगों की जान जा चुकी थी.

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को राज्य के पश्चिमी हिस्से के तीन जिलों में ‘रेड अलर्ट’ और आठ जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया था. अरुणाचल प्रदेश और मेघालय के ऊपरी इलाकों से आए बारिश के पानी ने बाढ़ की स्थिति और खराब कर दी है. अधिकारियों ने बताया कि राहत और बचाव कार्य के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), पुलिस, अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं की टीम तैनात की गई हैं और प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu