कांग्रेस की ओडिशा के मुख्यमंत्री से पादरियों पर हमले की जांच के लिए एसआईटी गठित करने की मांग

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 01 Jun 2025 08:28 PM
कांग्रेस की ओडिशा के मुख्यमंत्री से पादरियों पर हमले की जांच के लिए एसआईटी गठित करने की मांग
ऑडियो सुनें

तिरुवनंतपुरम. कांग्रेस ने ओडिशा के संबलपुर जिले में 90 वर्षीय केरलवासी सहित दो कैथोलिक पादरियों पर कथित हमले की तफ्तीश के लिए रविवार को एक विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने की मांग की. कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को एक पत्र भेजकर कथित घटना की जांच के लिए एसआईटी गठित करने का आग्रह किया.

यह हमला कथित तौर पर 23 मई की सुबह ओडिशा के एक छात्रावास में हुआ था. वेणुगोपाल ने यहां जारी एक बयान में आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित राज्यों में ईसाइयों के खिलाफ हमलों की श्रृंखला में यह नवीनतम घटना है. अलप्पुझा के सांसद ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि राज्य में इस तरह की हिंसा बार-बार होने वाली घटना बनती जा रही है.

उन्होंने आरोप लगाया कि लड़कों के छात्रावास में पादरियों पर क्रूरतापूर्वक हमला किए जाने की घटना मानवीय विवेक पर आघात है.
ओडिशा सरकार से घटना के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आग्रह करते हुए कांग्रेस महासचिव ने कहा कि इस तरह की हिंसा न सिर्फ व्यक्तियों के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन करती है, बल्कि देश के सांप्रदायिक सद्भाव और शांति के लिए भी खतरा पैदा करती है.

ओडिशा के मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में वेणुगोपाल ने यह भी अनुरोध किया कि ईसाई पादरियों और कर्मचारियों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की जाए. इस बीच, विपक्ष के नेता वी.डी. सतीशन ने भी घटना की कड़ी निंदा की. उन्होंने रविवार को एर्नाकुलम जिले के मंजुम्मेल स्थित एक निजी अस्पताल में पीड़ित पदारियों से मुलाकात भी की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu