मेघालय में लापता इंदौर निवासी पति का शव मिला, पत्नी की तलाश जारी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 02 Jun 2025 08:10 PM
मेघालय में लापता इंदौर निवासी पति का शव मिला, पत्नी की तलाश जारी
ऑडियो सुनें

इंदौर. ‘हनीमून’ मनाने के लिए मेघालय पहुंचने के बाद लापता हुए इंदौर निवासी पति का शव 11 दिन बाद सोमवार को मेघालय पुलिस ने बरामद किया, लेकिन पत्नी के बारे में फिलहाल कोई सुराग हाथ नहीं लगा है. इंदौर पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी.

अधिकारी ने बताया कि इंदौर के राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम, मेघालय के पूर्वी खासी पहाड़ी जिले के सोहरा (जिसे चेरापूंजी भी कहा जाता है) में 23 मई को रहस्यमय हालात में लापता हुए थे. उन्होंने बताया कि यह दंपति ‘हनीमून’ मनाने मेघालय गया था.
इंदौर के पुलिस उपायुक्त (अपराध निरोधक शाखा) राजेश कुमार त्रिपाठी ने ”पीटीआई-भाषा” को बताया,”हमें ताजा जानकारी मिली है कि मेघालय पुलिस ने खोज अभियान के दौरान एक शव बरामद किया है. राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी ने इस शव की पहचान अपने भाई राजा रघुवंशी के तौर पर की है.”

उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल सकेगा कि राजा रघुवंशी का शव कितने दिन पुराना है और उनकी मौत कैसे हुई. त्रिपाठी ने बताया कि मेघालय पुलिस का खोज अभियान जारी है और उसे राजा रघुवंशी की लापता पत्नी सोनम के बारे में फिलहाल कोई भी सुराग नहीं मिला है.

मेघालय में अपनी पत्नी सोनम के साथ लापता राजा रघुवंशी का परिवार इंदौर में ट्रांसपोर्ट के कारोबार से जुड़ा है. इस जोड़े की शादी 11 मई को इंदौर में हुई थी और वे 20 मई को ‘हनीमून’ मनाने के लिए मेघालय के लिए रवाना हुए थे. राजा रघुवंशी का शव मिलने की सूचना से पहले, उनके बड़े भाई सचिन रघुवंशी ने मेघालय में दंपति के अपहरण का संदेह जताया और उनके खोज अभियान में सेना की मदद लेने का अनुरोध किया. रघुवंशी ने इंदौर में कहा कि उन्हें मेघालय पहुंचे उनके भाई और उसकी पत्नी की गुमशुदगी को लेकर स्थानीय होटलों के कर्मचारियों, गाइडों और किराये पर दोपहिया वाहन देने वाले लोगों पर संदेह है और पुलिस को इनसे सख्ती से पूछताछ करनी चाहिए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu