असम कांग्रेस अध्यक्ष गोगोई के स्वागत समारोह में अफरा-तफरी की स्थिति बनी

Author: navabharat digital
UPDATED: Tue, 03 Jun 2025 02:03 PM
असम कांग्रेस अध्यक्ष गोगोई के स्वागत समारोह में अफरा-तफरी की स्थिति बनी
ऑडियो सुनें

गुवाहाटी: असम कांग्रेस के नए अध्यक्ष गौरव गोगोई के स्वागत समारोह में मंगलवार को अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जिसके कारण समारोह को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। आयोजकों ने आशंका जताई कि समारोह के लिए बना लकड़ी का मंच गिर सकता है जिसके बाद कार्यक्रम को कुछ देर के लिए रोका गया।

गोगोई ने आज सुबह पार्टी के प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में निवर्तमान अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा से नए पार्टी प्रमुख का पदभार संभाला। इससे पहले उन्होंने कामाख्या मंदिर में दर्शन किए। बाद में गोगोई ने तीन नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्षों के साथ दिसपुर क्षेत्र के मानबेंद्र शर्मा कॉम्प्लेक्स में एक कार्यक्रम में भाग लिया।

कार्यक्रम में लगभग 2,000 पार्टी सदस्य उपस्थित थे और मंच की ओर बढ़ते हुए गोगोई का स्वागत करने के लिए लोगों में धक्का-मुक्की के कारण वहां अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई। मंच पर नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत करने के लिए कुछ पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और विभिन्न सहयोगी संगठनों के सदस्यों के आगे बढ़ने से व्यवस्था और बिगड़ गई।

स्वागत समारोह के लिए तैयार किए गए लकड़ी के मंच की क्षमता सीमित थी, लेकिन उस पर लगभग 300 लोगों के मौजूद होने के कारण आयोजकों को दो बार अभिनंदन कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा। वरिष्ठ नेताओं ने कई बार माइक से आग्रह किया, ‘‘हम अतिरिक्त लोगों से मंच से उतरने का अनुरोध करते हैं, अन्यथा यह गिर जाएगा।’’ गोगोई और अन्य वरिष्ठ नेताओं को स्वागत समारोह के सुचारू आयोजन के लिए हस्तक्षेप करना पड़ा।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital