संजय राउत के रहते उद्धव को राजनीतिक दुश्मन की जरुरत नहीं: गिरीश महाजन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 03 Jun 2025 06:49 PM
संजय राउत के रहते उद्धव को राजनीतिक दुश्मन की जरुरत नहीं: गिरीश महाजन
ऑडियो सुनें

मुंबई. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता गिरीश महाजन ने शिवसेना (उबाठा) के सांसद संजय राउत को ‘दलाल’ और उद्धव ठाकरे का राजनीतिक दुश्मन करार देते हुए मंगलवार को आरोप लगाया कि वह(राउत) पार्टी संगठन को कमजोर कर रहे हैं. महाजन की इस टिप्पणी को राउत के आरोपों का जवाब माना जा रहा है. राउत ने कहा था कि जब भाजपा राज्य में सत्ता से बाहर होगी तो महाजन उसे छोड़ने वाले पहले नेता होंगे. महाजन को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का करीबी माना जाता है.

महाराष्ट्र सरकार में जल संसाधन मंत्री गिरीश महाजन ने संवाददाताओं से कहा, ”उद्धव ठाकरे को अपनी पार्टी को बर्बाद करने के लिए किसी राजनीतिक दुश्मन की जरुरत नहीं है, क्योंकि इस काम के लिए संजय राउत ही काफी हैं.” उत्तर महाराष्ट्र से भाजपा विधायक ने आरोप लगाया कि राउत जैसे ‘दलालों’ ने शिवसेना (उबाठा) से नेताओं और जमीनी कार्यकर्ताओं को बाहर कर दिया है.

महाजन ने कहा, ”जिस तरह से राउत ने उद्धव ठाकरे को शरद पवार और कांग्रेस के करीब पहुंचाया, उससे उन्होंने अपनी ही पार्टी को सबसे ज्यादा नुकसान किया है.” उन्होंने कहा कि यदि ठाकरे, राउत पर लगाम लगाने में विफल रहे तो शिवसेना (उबाठा) टूट जाएगी.
जून 2022 में पार्टी के दिग्गज नेता एकनाथ शिंदे और कई विधायकों के पार्टी छोड़ने के बाद शिवसेना विभाजित हो गई थी.

संजय राउत के आरोपों के जवाब में महाजन ने कहा, ”लेकिन मैं कभी भी वह नहीं करूंगा जो राउत ने अपनी पार्टी के साथ किया. मैं ऐसा कोई काम नहीं करूंगा जिससे संगठन को नुकसान पहुंचे. मैं भाजपा के सबसे वरिष्ठ नेताओं में से एक हूं. मैं 20 साल तक विपक्ष में रहा. हालांकि मुझे कई बार (पाला बदलने के लिए) प्रस्ताव मिले, लेकिन मैंने कभी अपनी पार्टी नहीं छोड़ी.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu