अंकारा (तुर्किये). तुर्किये में भूमध्यसागर से सटे एक तटीय शहर में सोमवार देर रात को 5.8 तीव्रता का भूकंप आया. भूकंप के कारण लोग घबराकर अपने-अपने घरों से बाहर निकलने के लिए खिड़कियों और बालकनी से कूदने लगे, जिससे कई लोग घायल हो गए और एक लड़की की मौत हो गई. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. हालांकि, भूकंप में किसी बड़ी क्षति की कोई सूचना नहीं है.
तुर्किये की आपदा एवं आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी ‘डिजास्टर एंड एमरजेंसी मैनेजमेंट प्रेसीडेंसी’ ने कहा कि भूकंप देर रात दो बजकर 17 मिनट पर आया और इसका केंद्र तटीय शहर मारमारिस से सटे भूमध्य सागर में था. भूकंप के झटके रोड्स के ग्रीक द्वीप सहित आसपास के क्षेत्रों में भी महसूस किए गए. तुर्किये के गृह मंत्री अली येरलिकाया ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि 14 साल की लड़की को अस्पताल ले जाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया. मंत्री ने बताया कि लड़की को घबराहट और बेचैनी का दौरा पड़ा था. अभी यह स्पष्ट नहीं है कि लड़की को क्या कोई अन्य बीमारी भी थी या नहीं.
उन्होंने बताया कि घबराहट में खिड़कियों से या बालकनी से कूदने के कारण करीब 70 लोग घायल हो गए, जिनका इलाज हो रहा है. भूकंप के कारण इमारतों के क्षतिग्रस्त होने की कोई सूचना नहीं है. तुर्किये भूकंप संभावित क्षेत्र में आता है और यहां अक्सर भूकंप आते रहते हैं. तुर्किये में 2023 में 7.8 तीव्रता का भूकंप आया था जिसके कारण 53,000 से अधिक लोगों की जान चली गई थी और देश के दक्षिण एवं दक्षिण पूर्व के 11 प्रांतों में सैकड़ों इमारतें नष्ट या क्षतिग्रस्त हो गई थीं. भूकंप के कारण पड़ोसी सीरिया के उत्तरी हिस्सों में करीब 6,000 लोग मारे गए थे.