वायनाड. केरल में वन विभाग द्वारा वध के लिए लायी गयी भैंस को मारने के प्रयास के दौरान उस पर चलाए गए छर्रे से कुछ स्थानीय लोग घायल हो गए. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि यह घटना रविवार सुबह पनामारम के निकट उस समय घटी जब वध के लिए लायी गयी भैंस भाग गयी.
पनामारम पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि स्थानीय लोगों ने भैंस को पकड़ने के लिए वन विभाग, दमकल एवं बचाव तथा पुलिस को मदद के लिए बुलाया. उन्होंने बताया कि भैंस को पकड़ने के लिए उठाए गए विभिन्न कदम असफल हो गए, जिसके बाद वह क्षेत्र में इधर-उधर भागने लगी, जिससे लोगों में दहशत फैल गई. भैंस ने एक वन अधिकारी पर भी हमला कर दिया, जिसके बाद वन विभाग के र्किमयों ने उस पर छर्रे की गोलियां चलाईं.
अधिकारी ने बताया कि भैंस को मार गिराया गया और इस दौरान यह सब देखने के लिए एकत्र हुए कुछ स्थानीय लोग छर्रों से घायल हो गए. उन्होंने कहा कि घायलों को मामूली चोटें आयीं और किसी भी घायल ने शिकायत दर्ज नहीं कराई, इसलिए घटना के संबंध में कोई मामला दर्ज नहीं किया गया. अधिकारी ने कहा, “घायलों ने नजदीकी अस्पताल में इलाज की मांग की है. अगर हमें किसी शिकायत की सूचना मिलती है, तो हम मामला दर्ज करेंगे.”