सोहरा/इंदौर/शिलांग. इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या के मामले को लेकर एक स्थानीय पर्यटक गाइड ने मंगलवार को दावा किया कि उसने कुछ तस्वीरें देखने के बाद संदिग्धों में से एक की पहचान कर ली थी. अल्बर्ट पडे वही गाइड हैं जिसने नवविवाहित जोड़े राजा और सोनम के साथ तीन लोगों की मौजूदगी के बारे में पुलिस को उस दिन ही सचेत कर दिया था, जिस दिन वे लापता हुए थे.
राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम हनीमून के दौरान शिलांग के पास से 23 मई को लापता हो गए थे. बाद में दो जून को ‘वेइसाडोंग फॉल्स’ के पास राजा का शव मिला जिसके सिर पर घातक चोटें थीं. इसके बाद खून से सना धारदार हथियार और अन्य सामान भी बरामद किया गया.
मावलखियात के गाइड अल्बर्ट पडे ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई तस्वीरों को देखकर मैंने एक संदिग्ध को पहचान लिया. मुझे खुशी है कि अपराधी आखिरकार सलाखों के पीछे हैं.” उसने कहा, ”हमें दोषमुक्त करार दिया गया है. जिन लोगों ने सोहरा और उसके लोगों को हिंसक बताकर उनकी छवि को खराब करने की कोशिश की थी, अब उनका पर्दाफाश हो गया है.” अल्बर्ट ने कहा कि उसने 23 मई को सुबह 10 बजे के आसपास नोंगरियात से मावलखियात तक 3,000 से अधिक सीढि.यां चढ. रहे दंपति को तीन लोगों के साथ देखा था.
गाइड के अनुसार, ”राजा सहित चार पुरुष आगे चल रहे थे जबकि महिला पीछे थी. चारों पुरुष हिंदी में बातचीत कर रहे थे.” उसने यह भी कहा कि उसकी हिंदी खास अच्छी नहीं है. अल्बर्ट ने शुरू में दंपित को 22 मई को नोंगरियात तक जाने के लिए अपनी सेवाएं देने की पेशकश की थी, लेकिन उन्होंने विनम्रतापूर्वक मना कर दिया था और भा वानसाई नामक एक अन्य गाइड की सेवाएं लीं जिसने उन्हें शिपारा होमस्टे पर छोड़ दिया. पुलिस ने मेघालय के सोहरा में अपने हनीमून के दौरान राजा की हत्या की साजिश रचने के आरोप में सोनम (24) को सोमवार को गिरफ्तार किया.
राजा की हत्या कथित तौर पर सोनम द्वारा भाड़े के हत्यारों से करायी गयी. सोनम ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में नंदगंज थाने में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया. उससे पहले तीन हमलावरों – आकाश राजपूत (19), विशाल सिंह चौहान (22) और राज सिंह कुशवाहा (21) को गिरफ्तार कर लिया गया था.
उत्तर पूर्वी इंदिरा गांधी क्षेत्रीय स्वास्थ्य एवं आयुर्वज्ञिान संस्थान (एनईआईजीआरआईएचएमएस) के अधिकारियों ने बताया कि राजा रघुवंशी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि उसके सिर पर किसी धारदार चीज से दो बार प्रहार किया गया था. पूर्वी खासी हिल्स जिले के पुलिस अधीक्षक विवेक सायम ने रिपोर्ट का हवाला देते हुए ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि मृतक के सिर पर दो गहरे घाव थे – एक पीछे और एक सामने.” उन्होंने बताया कि पुलिस ने भी जांच के दौरान उसके सिर पर कट के दो निशान देखे थे. अधिकारी के अनुसार, पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद सोहरा थाने में हत्या का मामला दर्ज किया.
राजा रघुवंशी हत्याकांड : ‘भरोसे के कत्ल” का भयंकर अंजाम, तीन मांओं के नहीं थम रहे आंसू
इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम के साथ मिलकर उनके हत्याकांड की साजिश को अमली जामा पहनाने के आरोपी राज कुशवाह की गिरफ्तारी के बाद उसकी मां चुन्नी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है. कुशवाह के पिता की मौत हो चुकी है और वह अपने परिवार में इकलौता कमाने वाला शख्स है. अपने बेटे की खैरियत और परिवार के भविष्य की चिंताओं से जूझते हुए चुन्नी देवी बार-बार बदहवास हो जाती है.
वह एक कमरे के किराये के घर में दीवारों पर चिपकी देवी-देवताओं की तस्वीरों के सामने दोनों हाथ जोड़ती हैं और बिलखते हुए प्रार्थना करती हैं,”हे ईश्वर, मेरे बेटे को बचा लो”. उनकी छोटी बेटी सुहानी उन्हें संभालने के जतन के दौरान उन्हें पानी पिलाने की कोशिश करती है, लेकिन वह पानी पीने से इनकार कर देती हैं. कुशवाह के कमजोर आर्थिक पृष्ठभूमि वाले परिवार में उसकी मां और तीन बहनें हैं. उसका परिवार मूलत: उत्तर प्रदेश का रहने वाला है. यह परिवार इंदौर में किराये के छोटे-से घर में रहता है.
चुन्नी देवी ने मंगलवार को ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा,”मेरा बेटा बेकसूर है. उसे फंसाया गया है. 20 साल का लड़का इतना बड़ा अपराध कैसे कर सकता है? मेरे पति के गुजर जाने के बाद वह हमारे घर में अकेला कमाने वाला है.” राजा रघुवंशी हत्याकांड के कथित षड़यंत्रकर्ता की मां ने कहा,”मेरा बेटा राजा रघुवंशी की मौत से दु:खी था और उनकी शवयात्रा में भी गया था. शवयात्रा से लौटने के बाद वह बुरी तरह रो रहा था. मैंने उसे ढाढ़स बंधाया था कि सब ठीक हो जाएगा और अब रोने से क्या फायदा है.”
अपने गिरफ्तार बेटे से मिलने की उम्मीद में चुन्नी देवी मंगलवार शाम अपराध निरोधक शाखा के पुलिस थाने पहुंच गई जहां कुशवाह को अन्य आरोपियों के साथ मेघालय पुलिस की ट्रांजिट हिरासत में रखा गया है. हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने उन्हें कुशवाह से मिलने की इजाजत नहीं दी जिसके बाद वह बदहवासी की हालत में पास के एक मंदिर में पहुंचीं और अपने बेटे की रिहाई के लिए प्रार्थना की.
राजा की मां उमा ने कहा, ”शुरुआत में हमें यकीन नहीं हो रहा था कि मेरी बहू सोनम मेरे बेटे राजा की हत्या करा सकती है, लेकिन हमें इस बात पर धीरे-धीरे यकीन होता जा रहा है.” राजा रघुवंशी की हार चढ.ी तस्वीर के पास खड़ी उनकी मां गम और गुस्से के मिले-जुले जज्बात से गुजरते हुए पूछती हैं,”अगर सोनम को दूसरा लड़का पसंद था, तो उसने राजा से शादी से मना क्यों नहीं किया? उसने मेरे बेटे की जान क्यों ली?” उन्होंने बताया कि मेघालय में पति के साथ हनीमून मनाने जाने की योजना खुद सोनम ने बनाई थी.
उमा ने कहा,”मुझे पता नहीं था कि मेघालय से मेरा बेटा पार्थिव शरीर के तौर पर लौटेगा.” उन्होंने कहा कि मेघालय पुलिस के खुलासे से पहले, सोनम के कथित प्रेमी राज कुशवाह के बारे में उनके परिवार को कोई जानकारी नहीं थी. राजा रघुवंशी की विधवा और उनके हत्याकांड की प्रमुख आरोपी सोनम का मायका इंदौर के गोविंद नगर खारचा इलाके में है. वह फर्नीचर में इस्तेमाल होने वाली सनमाइका शीट के कारोबार के पारिवारिक प्रतिष्ठान का काम-काज संभालती है. स्थानीय पुलिस के मुताबिक राजा रघुवंशी हत्याकांड की साजिश रचने का आरोपी राज कुशवाह हालांकि 12वीं फेल है, लेकिन वह इस प्रतिष्ठान में बतौर लेखापाल काम करता है.
राजा रघुवंशी हत्याकांड को लेकर मेघालय पुलिस के खुलासे के बाद सोनम का परिवार सदमे में है. सोनम की मां संगीता मीडिया से ज्यादा बातचीत की इच्छुक नहीं दिखीं. हालांकि, उन्होंने धीमे स्वर में कहा,”मेरी बेटी पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं. मैं अभी नहीं कह सकती कि राजा रघुवंशी के साथ मेघालय में क्या हुआ होगा?” उन्होंने मांग की कि उनके दामाद के हत्याकांड की विस्तृत जांच होनी चाहिए.
लोगों ने शिलांग में और अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की
मेघालय के उपमुख्यमंत्री स्नियावभलंग धर ने मंगलवार को यहां कहा कि शिलांग के विभिन्न इलाकों के लोगों ने राज्य सरकार से शहर और इसके आसपास के इलाकों में नागरिकों की सुरक्षा बढ.ाने के लिए और अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने का अनुरोध किया है. उपमुख्यमंत्री ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अपराधों की जांच में पुलिस की सहायता करने के लिए क्लोज र्सिकट टेलीविजन (सीसीटीवी) लगाने के लिए शहरी मामलों के विभाग को कई इलाकों से कई अनुरोध प्राप्त हुए हैं.” उन्होंने कहा कि राज्य की राजधानी में वर्तमान में एकीकृत कमान और नियंत्रण केंद्र (आईसीसीसी) के तहत 335 से अधिक सीसीटीवी हैं.
शहरी मामलों के मंत्री धर के अनुसार, सरकार राज्य के अन्य हिस्सों में सीसीटीवी कवरेज का विस्तार करने की योजना बना रही है, जिसमें पूर्वी जैंतिया हिल्स क्षेत्र में जोवाई और पश्चिमी गारो हिल्स क्षेत्र में तुरा शामिल है. उन्होंने कहा, ”फिलहाल हम इन इलाकों के आकार और लेआउट का आकलन कर रहे हैं, ताकि यह तय किया जा सके कि कितने सीसीटीवी कैमरों की जरूरत है.”