सूखे कुएं में दम घुटने से पिता-पुत्र की मौत

मेदिनीनगर: झारखंड के पलामू जिले में सोमवार को एक सूखे कुएं में दम घुटने से एक व्यक्ति और उसके 32 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, कुएं में गिरे एक बर्तन को बाहर निकालने के लिए एक के बाद एक वे दोनों नीचे उतरे।

हुसैनाबाद थाना प्रभारी सोनू कुमार चौधरी ने बताया कि कुआं सूखा था और उसमें गलती से एक बर्तन गिर गया था। बर्तन को बाहर निकालने के लिए पहले बेटा और फिर पिता कुएं में उतरे, जहां दम घुटने से दोनों की मौत हो गई।

मृतकों की पहचान जगत राजवार (65) और उनके पुत्र मुन्ना राजवार (32) के रूप में हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों शवों को स्थानीय लोगों की मदद से कुएं से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मुन्ना कुएं के पास बर्तन से कुछ काम कर रहा था, तभी वह बर्तन कुएं में गिर गया। उसे निकालने के लिए वह कुएं में उतरा, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं आया। इसके बाद उसके पिता भी कुएं में उतरे, लेकिन वह भी बाहर नहीं आए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button