रूस के हमले के बाद यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की पहली बार ऑस्ट्रिया पहुंचे

Author: navabharat digital
UPDATED: Mon, 16 Jun 2025 04:07 PM
रूस के हमले के बाद यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की पहली बार ऑस्ट्रिया पहुंचे

ऑडियो सुनें

वियना: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की सोमवार को यूरोपीय संघ के सदस्य देश ऑस्ट्रिया पहुंचे। वर्ष 2022 में रूस द्वारा यूक्रेन पर हमले के बाद यह उनकी पहली ऑस्ट्रिया यात्रा है। ऑस्ट्रिया अपनी तटस्थता के लिए मशहूर है और उसने अपने इस रुख की घोषणा द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद 1955 में की थी।

ऑस्ट्रिया को रूस-यूक्रेन युद्ध की शुरूआत से ही मॉस्को के साथ संबंध बनाए रखने के लिए कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा है। यूक्रेन की वायु सेना ने कहा कि रूस ने यूक्रेन पर रात भर में 138 हमले किये और डिकॉय ड्रोन दागे, खासकरपूर्वी दोनेत्सक क्षेत्र में।

यूक्रेनी वायुसेना ने कहा कि उनमें से 125 हमलों को या तो रोक दिया गया या जाम कर दिया गया, जबकि 10 अपने लक्ष्य तक पहुंच गए। आठ अन्य हमलों ने भी नुकसान पहुंचाया और इमारत मलबे में तब्दील हो गई। जेलेंस्की का आॅस्ट्रियाई राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वान डेर बेलन और चांसलर क्रिश्चियन स्टॉकर से मिलने का कार्यक्रम है। दोनों राष्ट्रपति सोमवार को बाद में एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन आयोजित करने वाले हैं।

स्टॉकर द्वारा मार्च में पदभार ग्रहण करने के बाद से यह किसी विदेशी राष्ट्राध्यक्ष की पहली उच्च स्तरीय यात्रा है।
जेलेंस्की की पत्नी (प्रथम महिला) ओलेना जेलेंस्का और वान डेर बेलेन की पत्नी डोरिस श्मिडॉयर भी यात्रा के दौरान शांति और सुरक्षा को बढ़ावा देने में महिलाओं की भूमिका पर एक चर्चा की मेजबानी करेंगी।

ऑस्ट्रिया, जिसे द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान नाजी जर्मनी ने अपने अधीन कर लिया था, ने पश्चिमी सहयोगियों और सोवियत संघ के दबाव में युद्ध के बाद तटस्थता की घोषणा की। इसने पूर्व और पश्चिम के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभाने की कोशिश की, मास्को के साथ ऐसे संबंध विकसित किए जो शीत युद्ध से भी लंबे समय तक चले।

ऑस्ट्रियाई सरकार ने यूक्रेन पर रूस के आक्रमण की ंिनदा की है, लेकिन मॉस्को के साथ राजनयिक संबंध बनाए रखने की आवश्यकता पर भी बल दिया है। वियना ने यूक्रेन को मानवीय सहायता भेजी है, लेकिन कोई हथियार नहीं भेजे हैं।

By navabharat digital