दिल्ली से रायपुर पहुंचे इंडिगो के विमान का दरवाजा 30 मिनट तक नहीं खुला: रायपुर महापौर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 18 Jun 2025 09:10 PM
दिल्ली से रायपुर पहुंचे इंडिगो के विमान का दरवाजा 30 मिनट तक नहीं खुला: रायपुर महापौर
ऑडियो सुनें

रायपुर. छत्तीसगढ़ के रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे ने दावा किया कि बुधवार को दिल्ली से रायपुर हवाई अड्डे पर पहुंचे इंडिगो के विमान का दरवाजा नहीं खुलने के कारण यात्री 30 मिनट से अधिक समय तक विमान में बैठे रहे. विमान में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और अन्य नेता भी मौजूद थे. हालांकि, हवाई अड्डे के अधिकारियो ने इस घटना के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी होने से इनकार किया है.

चौबे ने फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि अपराह्न दो बजकर 20 मिनट पर रायपुर हवाई अड्डे पर उतरने के बाद विमान संख्या 6ई-6312 का दरवाजा 30 मिनट से अधिक समय तक बंद रहा. उन्होंने कहा, ”जब हमने गेट खुलने में देरी का कारण पूछा तो चालक दल ने हमें बताया कि कुछ तकनीकी समस्या है.” चौबे ने बताया, ”विमान के चालक दल के सदस्य लगातार गेट खोलने की कोशिश कर रहे थे. 30 मिनट के बाद, हमने उन्हें (चालक दल के सदस्यों) बाहर के लोगों की मदद लेने के लिए कहा. फिर जमीन पर मौजूद लोगों ने बाहर से गेट खोला, फिर हम निकल पाए.”

उन्होंने बताया, ”मैं देश भर के महापौर के सम्मेलन में भाग लेने के लिए हरियाणा के पंचकूला गई थी. वहां से मैं दिल्ली पहुंची और रायपुर के लिए विमान में सवार हुई. जब रायपुर पहुंचने के बाद विमान का दरवाजा नहीं खुला तब हमें डर तो नहीं लगा, लेकिन अहमदाबाद की घटना के बाद छोटी-मोटी गड़बड़ियां भी हमें त्रासदी की याद दिलाती हैं.” कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रायपुर के स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा कि यात्रियों को 40 मिनट तक इंतजार करना पड़ा, क्योंकि दरवाजा बंद रहा. बघेल भी इसी विमान से दिल्ली से रायपुर पहुंचे थे. बघेल ने बताया कि दरवाजा खुलने के बाद यात्री सुरक्षित बाहर आ गए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu