राहुल ने कहा-निर्वाचन आयोग की धोखाखड़ी के 100 प्रतिशत सबूत, ईसी ने आरोप का किया खंडन

Author: navabharat digital
UPDATED: Thu, 24 Jul 2025 08:23 PM
राहुल ने कहा-निर्वाचन आयोग की धोखाखड़ी के 100 प्रतिशत सबूत, ईसी ने आरोप का किया खंडन
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि उनकी पार्टी के पास कर्नाटक के एक निर्वाचन क्षेत्र में निर्वाचन आयोग की ओर से धोखाधड़ी किए जाने के ”100 प्रतिशत सबूत” हैं और यदि आयोग सोचता है कि वह इससे बच निकलेगा, तो यह उसकी गलतफहमी है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने यह आरोप भी लगाया कि निर्वाचन आयोग अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन नहीं कर रहा है. उन्होंने कर्नाटक के निर्वाचन क्षेत्र के नाम का उल्लेख नहीं किया.

राहुल के आरोपों पर निर्वाचन आयोग ने कहा, ”अगर चुनाव याचिका दायर की गई है, तो माननीय उच्च न्यायालय के फैसले का इंतजार करें. अगर नहीं, तो अभी बेबुनियाद आरोप क्यों लगाए जा रहे हैं?” चुनाव परिणाम घोषित होने के 45 दिनों के भीतर चुनाव याचिका दायर की जा सकती है. ऐसी याचिकाएं उस राज्य के उच्च न्यायालयों में दायर की जा सकती हैं, जिसमें संबंधित निर्वाचन क्षेत्र आता है.

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने बिहार में जारी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के बारे में पूछे जाने पर संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ”यह बहुत ही गंभीर मामला है. निर्वाचन आयोग भारत के चुनाव आयोग की तरह काम नहीं कर रहा है. आज उन्होंने कुछ बयान दिया है, जो पूरी तरह से बकवास है. सच तो यह है कि निर्वाचन आयोग अपना काम नहीं कर रहा है.”

राहुल ने कहा, ”अब हमारे पास कर्नाटक के एक निर्वाचन क्षेत्र में निर्वाचन आयोग की ओर से धोखाधड़ी की अनुमति देने के 100 प्रतिशत ठोस सबूत हैं, 90 प्रतिशत नहीं. जब हमने इसे आपको दिखाने का फैसला किया है, तो यह 100 प्रतिशत ठोस सबूत है. हमने अभी एक निर्वाचन क्षेत्र का मुआयना किया और हमें यह मिला. मुझे पूरा यकीन है कि हर चुनाव क्षेत्र में यही नाटक चल रहा है.” कांग्रेस नेता ने दावा किया, ”हजारों-हजार नये मतदाता हैं, जिनकी उम्र क्या है- 50, 55, 60, 65 साल. यह एक ही चुनाव क्षेत्र में हजारों-हजार नये मतदाता हैं.” उन्होंने कहा, ”मैं निर्वाचन आयोग से कहना चाहता हूं कि अगर आपको लगता है कि आप इससे बच निकलेंगे, अगर आपके अधिकारी सोचते हैं कि वे इससे बच निकलेंगे, तो आप जलतफहमी में हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital