राहुल हताशा में आयोग पर झूठे आरोप लगा रहे हैं : भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 10 Aug 2025 09:52 PM
राहुल हताशा में आयोग पर झूठे आरोप लगा रहे हैं : भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भाजपा ने रविवार को राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें हिटलर के मुख्य प्रचारक जोसेफ गोएबल्स का नया अवतार बताया और दावा किया कि वह निर्वाचन आयोग पर बेवजह और झूठे आरोप लगाकर सत्ता खोने की अपनी भड़ास निकाल रहे हैं. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस नेता से उनके इस आरोप पर सवाल किया कि बेंगलुरू सेंट्रल लोकसभा सीट के एक विधानसभा क्षेत्र में करीब एक लाख मत “चोरी” किए गए. उन्होंने पूछा कि क्या उन्होंने यह सूची किसी के साथ साझा की है.

त्रिवेदी ने कहा कि विपक्षी दल के पास बिहार में 1.6 लाख से अधिक बूथ स्तरीय एजेंट हैं, लेकिन निर्वाचन आयोग द्वारा मसौदा सूची जारी किए जाने के 10 दिन बाद भी वह राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ अपने आरोपों की पुष्टि नहीं कर पाया है. त्रिवेदी ने आरोप लगाया, “भारतीय राजनीति का एक चिर युवा जो लगातार संवैधानिक संस्थाओं का अपमान और अवमूल्यन कर रहा है. गोएबल्स का एक नया अवतार….” उन्होंने कहा कि गांधी ने विपक्ष के नेता के पद की गरिमा को तार-तार कर दिया है.

गांधी के चुनाव में धांधली के दावों के समर्थन में तीखा प्रहार करते हुए कांग्रेस ने एक वेब पोर्टल शुरू किया है, जहां लोग पंजीकरण कराकर निर्वाचन आयोग से “वोट चोरी” के खिलाफ जवाबदेही की मांग कर सकते हैं और विपक्ष के नेता की डिजिटल मतदाता सूची की मांग के प्रति समर्थन व्यक्त कर सकते हैं. ‘एक्स’ पर हिंदी में लिखे एक पोस्ट में गांधी ने कहा कि वोट चोरी ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ के बुनियादी लोकतांत्रिक सिद्धांत पर हमला है. स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावों के लिए साफ.-सुथरी मतदाता सूची अनिवार्य है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu