भारत किसी की दादागिरी से नहीं डरता; न दबाव में आता है: शिवराज सिंह चौहान

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 21 Aug 2025 09:51 PM
भारत किसी की दादागिरी से नहीं डरता; न दबाव में आता है: शिवराज सिंह चौहान
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारतीय उत्पादों पर 50 फीसदी शुल्क लगाए जाने की पृष्ठभूमि में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बृहस्पतिवार कहा कि भारत चुनौतियों से “घबराता नहीं” है, न किसी की “दादागिरी” से डरता है और न दबाब में आता है, बल्कि ‘आंखों में आंखें डालकर बात करता है.” चौहान ने दिल्ली में पूसा स्थित ” कर्मचारी संकल्प सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए यह टिप्पणी की.

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री ने ‘आत्मनिर्भरता’ की जरूरत पर जोर देते हुए साफ किया कि मोदी सरकार के लिए राष्ट्रहित व किसानों का हित सर्वोपरि है, जिससे कोई समझौता नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि इस संबंध में कृषि विभाग ने अपनी बात प्रधानमंत्री के समक्ष रखी थी, ताकि किसानों के हित सुरक्षित रहें.

एक बयान के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने भारत को आत्मनिर्भर बनाने की बात भी कही है, जिसे उद्धृत करते हुए चौहान ने कहा, “हम दूसरों पर निर्भर रहेंगे तो पूरी तरह से स्वतंत्र नहीं रह सकते. हमें आत्मनिर्भर भारत बनाने में सहयोग करना है.” प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “स्वदेशी अपनाओ आ”ान’ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि स्वदेशी से देश के लोगों को रोजगार मिलता है और अर्थव्यवस्था मजबूत होती है.

उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कहा, ” हम किसी की दादागिरी से क्यों डरें, हमको किसी के दबाव में नहीं आना है. हम 144 करोड़ भारतवासी स्वदेशी का इस्तेमाल करना शुरू कर दें तो भारत से बड़ा बाजार दुनिया में कहीं नहीं है.” केंद्रीय मंत्री ने कहा, “हम पूरी तरह प्रधानमंत्री के साथ खड़े हैं. आत्मनिर्भरता बहुत ज.रूरी है. भारत चुनौतियों से घबराता नहीं है. ये आज का भारत है जो आंखों में आंखें डालकर बात करता है, राष्ट्रहितों से कोई समझौता नहीं करता है. हम ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की बात करते हैं.”

उन्होंने जोर दिया,”हमारा काम राष्ट्र निर्माण का है, इस भावना से काम करें कि आत्मनिर्भर भारत बनाने में एक ईंट मेरी भी लगे. प्रधानमंत्री जी ने जो लक्ष्य हमें दिए हैं, उन्हें हम सब मिलकर पूरा करेंगे.” कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि ‘विकसित कृषि संकल्प’ अभियान चलाने पर पता चला कि नकली कीटनाशक-दवाई-खाद व खराब बीज बड़ी समस्या है और किसानों को ‘बायोस्टिमुलेंट’ (जैव उत्तेजक) के उपयोग के बारे में उचित जानकारी नहीं है.

चौहान ने कहा, ” हमने सख्ती से तय किया है कि किसी भी हालत में ऐसी चीजें बिकने नहीं देंगे, जिससे किसानों को कोई फायदा न होता हो, हम किसान को लुटते नहीं देख सकते.” उन्होंने कहा कि इसके लिए अब नया कानून भी बनाएंगे. साथ ही उन्होंने कहा कि जो बेईमान हैं, उन्हें किसी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा, “ये हमारा संकल्प है.” सम्मेलन में चौहान के साथ-साथ कर्मचारियों ने, प्रधानमंत्री के स्वदेशी अपनाओं के आ”ान पर अपने दैनिक जीवन में स्वदेशी अपनाने का संकल्प लिया.

कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी तथा कृषि एवं किसान कल्याण व ग्रामीण विकास मंत्रालयों के चारों सचिव मौजूद थे. राष्ट्रपति ट्रंप ने भारतीय वस्तुओं पर शुल्क को दोगुना करके 50 प्रतिशत कर दिया है, जिसमें रूस से कच्चा तेल खरीदने पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क भी शामिल है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu