घुसपैठियों का मुद्दा उठाने के लिए हमें धमका रहे विपक्षी दलों के नेता : भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 07 Sep 2025 08:01 PM
घुसपैठियों का मुद्दा उठाने के लिए हमें धमका रहे विपक्षी दलों के नेता : भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को विपक्षी दलों के नेताओं पर भारत में रह रहे घुसपैठियों को बचाने के लिए अभियान चलाने का आरोप लगाया और कुछ नेताओं की टिप्पणियों का हवाला देते हुए दावा किया कि वे पश्चिम बंगाल और झारखंड जैसे राज्यों में इस मुद्दे को उठाने पर उसे धमकी दे रहे हैं.

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने पत्रकारों से बात करते हुए दावा किया कि झारखंड के मंत्री और कांग्रेस नेता इरफान अंसारी ने घुसपैठियों के मुद्दे पर भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा है कि वह ”भाजपा की कब्र खोदेंगे.” हालांकि, अंसारी ने इस बयान के बाद कहा था कि वह भाजपा द्वारा उन्हें और कई अन्य स्थानीय निवासियों को बांग्लादेशी घुसपैठियों के रूप में पेश किए जाने पर प्रतिक्रिया दे रहे थे.

पात्रा ने कहा कि भाजपा घुसपैठियों के खिलाफ है, क्योंकि यह राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला है. उन्होंने कहा कि बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के खिलाफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी का हालिया अभियान मूलत? “घुसपैठियों को बचाने” की एक कवायद थी. भाजपा सांसद ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेता अब्दुर रहीम बॉक्सी ने घुसपैठियों का मुद्दा उठाने वाले किसी भी व्यक्ति के चेहरे पर तेजाब फेंकने की धमकी दी है.

उन्होंने कहा कि कलकत्ता उच्च न्यायालय को राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी के मालदा जिला अध्यक्ष बॉक्सी की टिप्पणियों का संज्ञान लेकर कार्रवाई शुरू करनी चाहिए. भाजपा नेता ने कहा कि ये टिप्पणियां चुनाव आयोग के मतदाता सूची समीक्षा अभियान को लेकर विपक्षी खेमे में बढ़ती हताशा को दर्शाती हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu