बरेली हिंसा में जेल में बंद तौकीर रजा ने सहकारी समिति का तीन दशक पुराना कर्ज चुकाया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 13 Oct 2025 08:24 PM
बरेली हिंसा में जेल में बंद तौकीर रजा ने सहकारी समिति का तीन दशक पुराना कर्ज चुकाया
ऑडियो सुनें

बदायूं. उत्तर प्रदेश के बरेली में 26 सितंबर को हुई हिंसा के सिलसिले में फतेहग­ढ़ केंद्रीय कारागार में बंद मौलाना तौकीर रजा ने सोमवार को बदायूं जिले की एक सहकारी समिति का लगभग तीन दशक पुराना कर्ज चुका दिया. अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों के अनुसार, रजा ने वर्ष1997 में रसूलपुर पुट्ठी साधन सहकारी समिति से खाद खरीदने के लिए 5,055 रुपये उधार लिए थे लेकिन वह राशि चुकाने में विफल रहे.

उन्होंने बताया, “आई लव मोहम्मद’ अभियान के तहत विरोध प्रदर्शन के दौरान 26 सितंबर को बरेली में हुई हिंसा में तौकीर रजा का नाम सामने आने के बाद स्थानीय अधिकारियों ने उनके वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की और पाया कि उन पर बकाया ऋण है.” अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद रजा के बरेली स्थित आवास पर एक वसूली नोटिस चस्पा कर दिया गया, जिसमें 15 दिनों के भीतर भुगतान करने का निर्देश दिया गया.

समिति के सचिव हृदयेश कुमार सिंह ने बताया कि मौलाना के प्रतिनिधि शाह नवाज खान ने समिति से संपर्क कर रजा की ओर से बकाया राशि चुकाने की इच्छा जताई. सिंह ने बताया, “हमने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया और उन्हें बदायूं स्थित जिला सहकारी बैंक बुलाया.” सहकारी बैंक के महाप्रबंधक हरि बाबू भारती ने बताया कि कुल 30,522 रुपये जमा किए गए, जिसमें 5,055.40 रुपये मूलधन, 24,013.60 रुपये ब्याज और वसूली शुल्क शामिल थे. उन्होंने बताया कि भुगतान के बाद शाह नवाज खान को एक रसीद जारी की गई.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu