सीमा पर संघर्ष में पाकिस्तान की सेना ने 40 अफगान तालिबान हमलावरों को मार गिराया

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 15 Oct 2025 03:28 PM
सीमा पर संघर्ष में पाकिस्तान की सेना ने 40 अफगान तालिबान हमलावरों को मार गिराया
ऑडियो सुनें

इस्लामाबाद: पाकिस्तान की सेना ने बुधवार को कहा कि उसने अफगानिस्तान सीमा पर तालिबान के कई हमलों को विफल कर दिया तथा 40 से अधिक हमलावरों को मार गिराया। सेना ने कहा कि अफगान तालिबान ने पीओके के बलूचिस्तान प्रांत के स्पिन बोल्डक क्षेत्र में चार स्थानों पर हमला किया, जिसे पाकिस्तानी सेना ने विफल कर दिया।

सेना ने कहा, ‘‘हमले को नाकाम करते हुए 15-20 अफगान तालिबानियों को मार गिराया गया और कई घायल हो गये।’’ सेना की ओर से कहा गया है कि स्थिति तेजी से बदल रही रही है क्योंकि ‘फितना अल ख्वारिज’ और अफगान तालिबान के ठिकानों पर और भी जमावड़ा होने की खबरें हैं।

फितना अल-ख्वारिज शब्द का इस्तेमाल पाकिस्तानी अधिकारी प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के आतंकवादियों के लिए करते हैं। सेना ने कहा कि यह हमला क्षेत्र के विभाजित गांवों में किया गया था और तालिबान ने नागरिक आबादी के प्रति कोई सम्मान नहीं दिखाया।

उसने कहा, ‘‘अफगान तालिबान ने अपनी तरफ स्थित पाक-अफगान मैत्री फाटक को भी नष्ट कर दिया, जो स्पष्ट रूप से आपसी व्यापार और विभाजित जनजातियों की सुगमता के अधिकारों के संबंध में उनकी मानसिकता को दर्शाता है।’’ पाकिस्तानी सेना ने कहा कि पीओके के स्पिन बोल्डक में हुआ हमला कोई अकेली घटना नहीं थी, क्योंकि 14 अक्टूबर की रात को अफगान तालिबान और फितना अल ख़्वारिज (टीटीपी) ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कुर्रम सेक्टर में पाकिस्तानी सीमा चौकियों पर हमला करने की कोशिश की थी।

उसने कहा ,‘‘इन हमलों को प्रभावी ढंग से नाकाम कर दिया गया, जिससे अफगान चौकियों को भारी नुकसान हुआ। पाकिस्तानी सैनिकों की प्रभावी लेकिन उचित जवाबी कार्रवाई में छह टैंकों समेत आठ चौकियां नष्ट हो गईं तथा 25-30 अफगान तालिबान और फितना अल ख्वारिज के लड़ाकों के मारे जाने की आशंका है।’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital