कुत्ते के काटने को लेकर हुई झड़प के मामले में पुलिस ने सात लोगों को हिरासत में लिया

Author: navabharat digital
UPDATED: Fri, 24 Oct 2025 01:08 PM
कुत्ते के काटने को लेकर हुई झड़प के मामले में पुलिस ने सात लोगों को हिरासत में लिया
ऑडियो सुनें

बलिया: बलिया जिले के दोकटी थाना क्षेत्र के एक गांव में कुत्ते के काटने को लेकर हुए विवाद के बाद झड़प में चार महिलाओं समेत कुल 10 लोग घायल होने के मामले में पुलिस ने सात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

बैरिया क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि दलन छपरा गांव के लाल बहादुर माली की तहरीर पर बृहस्पतिवार को दस लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने सात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, दलन छपरा गांव निवासी लाल बहादुर माली बुधवार रात जब अपने घर जा रहे थे तभी अंधेरे के कारण उनका पैर रास्ते में सोये पालतू कुत्ते पर पड़ गया, जिससे कुत्ते ने उन्हें काट लिया। उसने बताया कि इसके बाद कुत्ते के भौंकने की आवाज सुनकर उसके मालिक संजीत माली नौ अन्य लोगों के साथ लाठी-डंडा लेकर आए और माली पर हमला कर दिया।

पुलिस ने बताया कि माली के शोर मचाने पर उनके परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे, जिन पर भी हमला किया गया और पथराव भी किया। उसने बताया कि इस घटना में सुधीर माली, चंद्रावती देवी, रेनू देवी, मनीष, शशिकांत, कपिल, रमावती देवी, लाल बहादुर, जितेंद्र और संजू घायल हो गए जिन्हें सोनबरसा स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने बताया कि इनमें से पांच घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। गंभीर रूप से घायल सुधीर माली और चंद्रावती देवी को जिला अस्पताल से वाराणसी में भर्ती कराया गया।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital