नीतीश के चेहरे का इस्तेमाल हो रहा है, रिमोट कंट्रोल भाजपा के हाथ में: राहुल गांधी

मुजफ्फरपुर: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपने प्रचार अभियान का आग़ाज़ करते हुए बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के चेहरे का इस्तेमाल हो रहा है, जबकि रिमोट कंट्रोल भाजपा के हाथ में है।

उन्होंने मुजफ्फरपुर जिले के सकरा में अपनी पहली चुनावी सभा को संबोधित करते हुए यह दावा भी किया कि प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा सामाजिक न्याय के खिलाफ हैं। इस सभा में महागठबंधन की तरफ से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव और इस गठबंधन के घटक दलों के कुछ नेता शामिल हुए।

राहुल गांधी ने कहा, ‘‘बिहार में 20 साल से नीतीश जी सरकार चला रहे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के लिए उन्होंने क्या किया? क्या आप ऐसा प्रदेश चाहते हैं जहां आपको कुछ भी नहीं मिले और अदाणी जी को एक-दो रुपये में जमीन दे दी जाए?’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमें वह बिहार चाहिए जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार हो तथा बिहारियों को अपना भविष्य दिखाई दे… हम ऐसा बिहार चाहते हैं जहां से लोगों को रोजगार के लिए दूसरे प्रदेशों में न जाना पड़े बल्कि दूसरे राज्यों के लोग यहां आकर काम करें।’’ कांग्रेस नेता ने कहा कि महागठबंधन बिहार को सबसे आगे ले जाना चाहता है।

उन्होंने कहा, ‘‘बिहार के लोग किसी भी मामले में किसी से कम नहीं हैं। यह प्रदेश सबसे आगे जा सकता है और जाएगा।’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘नीतीश जी के चेहरे का इस्तेमाल हो रहा है और रिमोट कंट्रोल भाजपा के हाथ में है।’’ लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया, ‘‘तीन-चार लोग (नीतीश को) नियंत्रित करते हैं और भाजपा के हाथ में रिमोट कंट्रोल है तथा इन लोगों को सामाजिक न्याय से कोई लेनादेना नहीं है।’’

राहुल गांधी ने यह आरोप भी लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा सामाजिक न्याय के खिलाफ हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने दिल्ली में यमुना के किनारे छठ पूजा के आयोजन का हवाला देते हुए कहा कि एक तरफ यमुना नदी में गंदा पानी था और बगल में साफ पानी का तालाब बनाया गया था ताकि प्रधानमंत्री उसमें नहाकर ‘ड्रामा’ कर सकें, जबकि उन्हें छठ पूजा से कोई लेनादेना नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि इस बारे में जब पूरे ंिहदुस्तान को पता चल गया तो प्रधानमंत्री मोदी छठ पूजा के इस आयोजन में नहीं गए।
राहुल गांधी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री वोट के लिए कुछ भी कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से कहा, ‘‘अगर आप मोदी जी से कहें कि हम आपको वोट देंगे, आप यहां नाचिए तो वह नाच लेंगे।’’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button