नेपाल में हिमस्खलन की घटनाओं में दो स्थानीय गाइड समेत नौ पर्वतारोहियों की मौत

काठमांडू. नेपाल में हिमस्खलन की दो अलग-अलग घटनाओं में दो नेपाली गाइड सहित कम से कम नौ पर्वतारोहियों की मौत हो गई. अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. पुलिस उपाधीक्षक ज्ञान कुमार महतो ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 10 बजे गौरीशंकर ग्राम पालिका के अंतर्गत माउंट यालुंग री (6,920 मीटर) के निकट चोटी पर च­ढ़ने का प्रयास करते समय हुए हिमस्खलन में सात पर्वतारोही दफन हो गए. उन्होंने बताया कि सात पर्वतारोहियों के शव निकालने के लिए संयुक्त बचाव अभियान चलाया गया है.
मृत पर्वतारोहियों में दो नेपाली, दो इतालवी- पाओलो कोको और मार्को डि मार्सेलो, एक कनाडाई, एक फ्रांसीसी और एक जर्मन शामिल हैं.

तीन नेपाली और दो फ्रांसीसी नागरिक घायल भी हुए हैं और उन्हें हेलीकॉप्टर से काठमांडू के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. मामूली रूप से घायल चार अन्य पर्वतारोहियों को भी घटनास्थल से निकाल लिया गया. एक अलग घटना में, दो इतालवी पर्वतारोही, स्टेफानो फैरोनाटो और एलेसेंड्रो कैपुटो 28 अक्टूबर को भारी बर्फबारी के बाद से लापता थे और वे मनास्लू क्षेत्र में माउंट पनबारी (6,887 मीटर) के कैंप में अपने तम्बू में मृत पाए गए.

पुलिस ने बताया कि उनके शव मंगलवार को 5,242 मीटर की ऊंचाई से बरामद किये गये. उनके साथ फंसे एक अन्य इतालवी पर्वतारोही वेल्टर पैरालियन को रविवार को बचा लिया गया. इस बीच, नेपाल पर्यटन बोर्ड ने नेपाल के हिमालय में पर्वतारोहियों की मौत पर शोक संदेश जारी किया है. बोर्ड ने कहा, “हिमस्खलन में हुई दुखद जनहानि से हम बेहद दुखी हैं. यालुंग री पर्वत के सात पीड़ितों के परिवारों और मित्रों के प्रति हमारी हार्दिक संवेदनाएं.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button