असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के दो वरिष्ठ अधिकारियों के बीच हुई कथित बहस को उनका “निजी मामला” बताया है। उन्होंने कहा है कि यह घटना तब हुई, जब दोनों अधिकारी ड्यूटी पर नहीं थे। कोकराझार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अक्षत गर्ग और उपमहानिरीक्षक (डीआईजी), पश्चिम क्षेत्र वाईटी ग्यात्सो के बीच 22 नवंबर की रात को सरायखोला स्थित सातवीं पुलिस बटालियन परिसर में कथित तौर पर बहस हो गई। बाद में यह बहस हाथापाई में बदल गई, जिसमें गर्ग घायल हो गए।
गुवाहाटी में मंगलवार को एक कार्यक्रम से इतर इस घटना के बारे में पूछे जाने पर हिमंत ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी है, लेकिन यह एक निजी मामला है।
उन्होंने कहा, “यह एक निजी पार्टी में हुआ और एक व्यक्तिगत मामला है। दोनों अधिकारी उस समय ड्यूटी पर नहीं थे, इसलिए हम इस मामले में कुछ कह या कर नहीं सकते।” हिमंत ने कहा कि अगर यह घटना दोनों अधिकारियों के ड्यूटी पर रहने के दौरान हुई होती, तो सरकार ने दखल दिया होता और कदम उठाए होते। हालांकि, पुलिस ने इस घटना के बारे में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है, लेकिन एक सूत्र ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच मतभेद सुलझाने के लिए एक वरिष्ठ अधिकारी को कोकराझार भेजा गया है।