इजराइल ने 15 फलस्तीनियों के शव लौटाए

दीर अल-बलाह. इजराइल ने हमास के साथ हुए समझौते के तहत 15 और फलस्तीनियों के शवों को लौटाया है. गाजा के सबसे बड़े कार्यरत अस्पताल के अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अमेरिका की मध्यस्थता से दोनों पक्षों के बीच पिछले महीने हुए समझौते के बाद से रेड क्रॉस की अंतरराष्ट्रीय समिति ने इजराइल से 285 फलस्तीनियों के शवों को गाजा पहुंचाया है. हालांकि, गाजा में स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा है कि डीएनए परीक्षण किट की कमी के कारण अवशेषों की पहचान में मुश्किल आ रही है.

इजराइल ने यह खुलासा नहीं किया है कि उसके पास कितने फलस्तीनियों के शव हैं या उन्हें कहां से बरामद किया गया है. हालांकि, समझौते के तहत इजराइल गाजा से एक इजराइली बंधक के अवशेष प्राप्त होने पर 15 फलस्तीनियों के शव लौटाता है. खान यूनिस स्थित नासेर अस्पताल में बुधवार को 15 फलस्तीनियों के शवों को लाया गया. इसके एक दिन पहले हमास चरमपंथियों द्वारा 7 अक्टूबर, 2023 को किये गए हमले में बंधक बनाए गए एक इजराइली सैनिक का शव गाजा ने लौटाया था.

हमास ने 13 अक्टूबर को 20 बंधकों को इजराइल को लौटा दिया. तब से, समूह ने मारे गए 21 बंधकों के शव भी लौटाए हैं. इजराइली अधिकारियों ने इस प्रक्रिया के कुछ हिस्सों को समझौते का उल्लंघन बताते हुए निंदा की है और हमास पर कुछ मामलों में आंशिक अवशेष सौंपने और कुछ मामलों में शवों की तलाश का नाटक करने का आरोप लगाया है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button