
अहमदाबाद. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को कहा कि दिल्ली में हुए विस्फोट के दोषियों को ऐसी सजा दी जाएगी जिससे दुनिया को यह संदेश जाएगा कि किसी को फिर कभी इस तरह के हमले के बारे में सोचने का भी दुस्साहस नहीं करना चाहिए.
शाह गुजरात के मेहसाणा जिले के बोरियावी गांव में श्री मोतीभाई आर चौधरी सागर सैनिक स्कूल और सागर ऑर्गेनिक प्लांट के उद्घाटन सत्र को वीडियो कांफ्रेंस से संबोधित कर रहे थे.
अमित शाह का निर्धारित गुजरात दौरा सोमवार शाम लाल किले के पास हुए विस्फोट के बाद रद्द कर दिया गया था. दिल्ली में हुए विस्फोट में 13 लोगों की मौत हो गई थी. एक आधिकारिक विज्ञप्ति में उनके हवाले से कहा गया, ”इस कायरतापूर्ण कृत्य को अंजाम देने वाले और इसके पीछे जो लोग हैं, उन सभी को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा और उन्हें सख्त से सख्त सजा दी जाएगी. भारत सरकार और गृह मंत्रालय इसके लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं.” उन्होंने विस्फोट के पीड़ितों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना भी व्यक्त की.
पत्र सूचना ब्यूरो (पीआईबी)की विज्ञप्ति के अनुसार, शाह ने कहा, ”इस आतंकवादी कृत्य के लिए जिम्मेदार सभी लोगों को कड़ी सजा दिलाने का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संकल्प निश्चित रूप से पूरा होगा.” उन्होंने कहा, ”दिल्ली आतंकवादी हमले के दोषियों को दी जाने वाली सजा से दुनिया को यह संदेश जाएगा कि हमारे देश में इस तरह के हमले के बारे में सोचने का भी किसी को दुस्साहस नहीं करना चाहिए.” शाह ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई को पूरी दुनिया ने मान्यता दी है और प्रधानमंत्री वैश्विक स्तर पर इस लड़ाई का नेतृत्व करने में सबसे आगे हैं.
शाह को बृहस्पतिवार को अहमदाबाद में एक पुस्तक मेले का उद्घाटन करने के लिए गुजरात का दौरा करना था और बाद में सैनिक स्कूल और दूधसागर डेरी के सागर ऑर्गेनिक प्लांट के उद्घाटन समारोह में शामिल होने का कार्यक्रम था. हालांकि, राष्ट्रीय राजधानी में हुए उच्च तीव्रता वाले कार विस्फोट के बाद उनके दौरे को रद्द कर दिया गया.



