एअर इंडिया की टोरंटो-दिल्ली उड़ान को बम से उड़ाने की धमकी, राजधानी में विमान सकुशल उतर गया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 13 Nov 2025 08:38 PM
एअर इंडिया की टोरंटो-दिल्ली उड़ान को बम से उड़ाने की धमकी, राजधानी में विमान सकुशल उतर गया
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कनाडा के टोरंटो से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की उड़ान में बम होने की धमकी भरा संदेश मिलने के बाद अधिकारियों को सुरक्षा अलर्ट जारी करना पड़ा, लेकिन बाद में विमान राष्ट्रीय राजधानी में सकुशल उतर गया. सूत्रों ने यह जानकारी दी. सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सुबह दिल्ली पुलिस को एक संदेश मिला जिसमें दावा किया गया कि उड़ान संख्या एआई188 को बम से उड़ाए जाने का खतरा है.

इसके बाद, दिल्ली हवाई अड्डे पर बम खतरा आकलन समिति (बीटीएसी) का गठन किया गया और यह आकलन किया गया कि खतरा ‘अविशिष्ट’ था. सूत्रों ने बताया कि यह संदेश सुबह करीब 11.30 बजे प्राप्त हुआ, जब बोइंग 777 विमान हवा में था और दिल्ली से चार घंटे से अधिक की दूरी पर था. संपर्क करने पर एअर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि बृहस्पतिवार को टोरंटो से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाले विमान एआई188 के संबंध में सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया था.

प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ” विमान में मौजूद चालक दल के सदस्यों ने यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी निर्धारित सुरक्षा अभ्यास किए. इसके बाद उड़ान दिल्ली में सुरक्षित उतर गई और प्रोटोकॉल के अनुसार सुरक्षार्किमयों द्वारा अनिवार्य सुरक्षा जांच के लिए उसे पार्क कर दिया गया है.” प्रवक्ता ने बताया कि विमान के सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित उतर गए हैं. विमान अपराह्न लगभग 3.40 बजे दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरा.

उड़ानों की निगरानी करने वाली वेबसाइट फ्लाइटराडार24.कॉम पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार बोइंग-777 विमान द्वारा संचालित टोरंटो-दिल्ली उड़ान की अवधि 15 घंटे से थोड़ी अधिक थी. राष्ट्रीय राजधानी में हुए विस्फोट के मद्देनजर सभी हवाई अड्डों पर सभी उड़ानों के लिए अनिवार्य रूप से सुरक्षा के कड़े उपाय लागू कर दिए गए हैं. दिल्ली में सोमवार शाम को लाल किले के पास शाम 6:52 बजे एक कार (हुंदै आई20) में विस्फोट हुआ था, जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu