बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के इलाज में जुटी ब्रिटेन की मेडिकल टीम

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 03 Dec 2025 08:09 PM
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के इलाज में जुटी ब्रिटेन की मेडिकल टीम
ऑडियो सुनें

ढाका. बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के स्वास्थ्य की गंभीर स्थिति के मद्देनजर उनके उपचार में सहायता के लिए ब्रिटेन से चार सदस्यीय विशेषज्ञ चिकित्सा दल बुधवार को यहां पहुंचा. खालिदा जिया का यहां एक निजी अस्पताल में उपचार किया जा रहा है और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है. समाचार पोर्टल ‘टीबीएसन्यूज डॉट नेट’ की खबर के अनुसार, डॉ. रिचर्ड ब्यूल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने यहां पहुंचने के तुरंत बाद एवरकेयर अस्पताल में भर्ती ‘बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी’ (बीएनपी) की अध्यक्ष खालिदा जिया (80) के स्वास्थ्य की स्थिति की समीक्षा की.

खबर में अस्पताल के सूत्रों के हवाले से बताया गया कि ब्रिटेन के चिकित्सकों ने उनका इलाज कर रही स्थानीय मेडिकल टीम के साथ प्रारंभिक दौर की बातचीत भी की. सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस ने बीएनपी मीडिया प्रकोष्ठ के सदस्य शायरुल कबीर खान के हवाले से बताया कि ब्यूल बुधवार सुबह ढाका पहुंचे. खान ने उम्मीद जताई कि विदेशी चिकित्सा विशेषज्ञों के आगमन से जिया की चिकित्सा देखभाल में महत्वपूर्ण प्रगति दर्ज होगी. इस बीच, बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने सेना और वायुसेना के हेलीकॉप्टरों को निर्देश दिया कि वे उस अस्पताल के पास उतरने और उड़ान भरने का अभ्यास करें, जहां जिया का उपचार किया जा रहा है.

समाचार पोर्टल ‘बीडीन्यूज24.कॉम’ की खबर के अनुसार, अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस के कार्यालय से प्राप्त संदेश में कहा गया है कि विशेष सुरक्षा बल (एसएसएफ) प्रोटोकॉल के तहत एवरकेयर अस्पताल के पास दो मैदानों में बृहस्पतिवार को दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे के बीच हेलीकॉप्टर को उतारने और उड़ान भरने का अभ्यास किया जाएगा. अंतरिम सरकार द्वारा सोमवार को जिया को ‘अति महत्वपूर्ण व्यक्ति’ घोषित किया, जिससे उनकी सुरक्षा के लिए एसएसएफ की तैनाती की गई. अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस के कार्यालय ने जनता से हेलीकाप्टर उतारने या उड़ान भरने के अभ्यास के संबंध में ‘किसी भी प्रकार के दुष्प्रचार या भ्रम से बचने’ का आग्रह किया.

चीनी विशेषज्ञों की एक और टीम आज शाम ढाका पहुंचेगी जबकि एक चीनी चिकित्सा दल सोमवार को ही यहां पहुंच चुका है और जिया के इलाज की निगरानी कर रहे ‘मेडिकल बोर्ड’ के साथ तालमेल कर रहा है. मेडिकल बोर्ड का नेतृत्व प्रो. शहाबुद्दीन तालुकदार कर रहे हैं.
जिया के निजी चिकित्सक और बीएनपी की स्थायी समिति के सदस्य डॉ. ए.जेड.एम. जाहिद ने मंगलवार को पत्रकारों से कहा कि उनकी गंभीर स्थिति के बावजूद उनका उपचार जारी है. उन्होंने फिर कहा कि इस समय पूर्व प्रधानमंत्री को विदेश ले जाने की कोई संभावना नहीं है. इस बीच तीनों सेनाओं के प्रमुखों ने मंगलवार को अस्पताल में बीमार पूर्व प्रधानमंत्री से मुलाकात की.

सेना की मीडिया शाखा ने एक संक्षिप्त बयान में कहा कि सेना प्रमुख जनरल वकार-उज-जमां, नौसेना प्रमुख एडमिरल मोहम्मद नजमुल हसन और वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल हसन महमूद खान ने एवरकेयर अस्पताल में जिया से मुलाकात की.
खालिदा जिया को हृदय और फेफड़ों में संक्रमण की शिकायत के बाद 23 नवंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

वह तीन बार बांग्लादेश की प्रधानमंत्री रह चुकी हैं. अस्पताल में भर्ती होने के चार दिन बाद, स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं ब­ढ़ने पर उन्हें ‘कोरोनरी केयर यूनिट’ (सीसीयू) में भर्ती किया गया. बीएनपी के उपाध्यक्ष एडवोकेट अहमद आजम खान ने बताया था कि जिया की हालत और बिगड़ने पर रविवार रात उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu