झारखंड: खदान से ‘जहरीली’ गैस के रिसाव के चलते एक हजार से अधिक लोगों को निकाला जाएगा

Author: navabharat digital
UPDATED: Thu, 04 Dec 2025 03:32 PM
झारखंड: खदान से ‘जहरीली’ गैस के रिसाव के चलते एक हजार से अधिक लोगों को निकाला जाएगा
ऑडियो सुनें

धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले में भूमिगत खदानों से ‘जहरीली गैस रिसाव’ की घटना के बाद इलाके के एक हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जाएगा। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि जिले के केंदुआडीह बस्ती के विभिन्न स्थानों पर ऐसी खदानों से कथित रूप से कार्बन मोनोआॅक्साइड के रिसाव के कारण एक महिला की बुधवार को मौत हो गई, जबकि 12 लोग बीमार पड़ गए।
उन्होंने बताया कि महिला की मौत का वास्तविक कारण फिलहाल पता नहीं चल पाया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही इसकी पुष्टि हो सकेगी।

अधिकारियों ने बताया कि घटना के तुरंत बाद भारत कोंिकग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) ने लोगों को ‘खतरे वाले क्षेत्रों’ से बाहर निकालना शुरू कर दिया। यहां एक अधिकारी ने बताया कि कंपनी ने इलाके में स्थित घरों की दीवारों पर नोटिस चस्पा किए, जिसमें लोगों से जल्द से जल्द घर खाली करने को कहा गया है।

बीसीसीएल के पुटकी-बलिहाटी कोलियरी क्षेत्र के महाप्रबंधक (जीएम) जी. सी. साहा ने संवाददाताओं को बताया कि किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए बस्ती में तीन एम्बुलेंस को तैयार रखा गया है। साहा ने कहा, ‘‘कंपनी स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था कर रही है। जान-माल की सुरक्षा के लिए हमने पहले ही उनसे खतरे वाले क्षेत्र को छोड़ने का अनुरोध कर दिया है।’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital