बेनिन में घोषित तख्तापलट को विफल कर दिया गया है: गृह मंत्री

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 07 Dec 2025 07:46 PM
बेनिन में घोषित तख्तापलट को विफल कर दिया गया है: गृह मंत्री

ऑडियो सुनें

कॉन्टोनू (बेनिन). बेनिन में रविवार को घोषित तख्तापलट को ‘‘विफल’’ कर दिया गया है. गृह मंत्री ने फेसबुक पर एक वीडियो में यह जानकारी दी. गृह मंत्री अलास्साने सेइदोउ ने कहा, ‘‘रविवार, सात दिसंबर, 2025 की सुबह, सैनिकों के एक छोटे समूह ने देश और उसकी संस्थाओं को अस्थिर करने के उद्देश्य से विद्रोह शुरू कर दिया.’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस स्थिति का सामना करते हुए, बेनिनी सशस्त्र बल और उनका नेतृत्व गणतंत्र के प्रति प्रतिबद्ध रहे.’’ इससे पहले बेनिन में सैनिकों के एक समूह ने सरकारी टीवी पर संबोधन के जरिये सरकार के तख्तापलट की घोषणा की थी.

खुद को ‘मिलिट्री कमेटी फॉर रीफाउंडेशन’ कहने वाले सैनिकों के समूह ने राष्ट्रपति और सभी सरकारी संस्थाओं को हटाये जाने की घोषणा की. समूह ने कहा कि लेफ्टिनेंट कर्नल पास्कल तिगरी को सैन्य समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है. वर्ष 1960 में फ्रांस से आजादी मिलने के बाद, इस पश्चिमी अफ्रीकी राष्ट्र ने तख्तापलट की कई घटनाओं को देखा है. राष्ट्रपति पैट्रिस टैलोन 2016 से सत्ता में थे और अगले साल अप्रैल में राष्ट्रपति चुनाव के बाद उन्हें पद छोड़ना था.

टैलोन की पार्टी के उम्मीदवार, पूर्व वित्त मंत्री रोमुआल्ड वडाग्नि को चुनाव जीतने की दौड़ में सबसे आगे माना जा रहा है. विपक्षी उम्मीदवार रेनॉड अगबोडजो की उम्मीदवारी को निर्वाचन आयोग ने इस आधार पर खारिज कर दिया कि उनके पास पर्याप्त  प्रायोजक नहीं थे. पिछले महीने देश की विधायिका ने राष्ट्रपति का कार्यकाल पांच वर्ष से बढ़ाकर सात वर्ष कर दिया था तथा कार्यकाल सीमा दो ही रखी थी.

By Yogesh Kumar Sahu