कांग्रेस ने सरदार पटेल, सुभाष चंद्र बोस की विरासत को दबाया : पात्रा

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद संबित पात्रा ने सोमवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सरदार वल्लभ भाई पटेल और सुभाष चंद्र बोस सहित कई लोगों की विरासत को दबाकर पंडित जवाहरलाल नेहरू की विरासत बनाने का प्रयास किया.

पात्रा ने लोकसभा में वंदे मातरम् पर चर्चा के दौरान विपक्ष के नेता राहुल गांधी की अनुपस्थिति को लेकर उनपर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘वंदे मातरम् क्या है, बिना डिक्शनरी के वे समझ भी नहीं सकते…तभी आज वह नदारद हैं.’’ उन्होंने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा द्वारा नेहरू पर सदन में एक बार सदा के लिए चर्चा कराये जाने की मांग किये जाने पर कहा कि अगर यह चर्चा हो गई तो ‘‘मैं यही कहूंगा कि कई लोगों की विरासत दबाकर नेहरू की विरासत बनाने की चेष्टा की गई.’’ उन्होंने कांग्रेस पर सरदार पटेल की विरासत को दबाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब पटेल के अंतिम संस्कार का समय आया, तब ‘‘नेहरू जी ने अपने कैबिनेट सहकर्मी को मना कर दिया था कि कोई भी उनकी अंत्येष्टि में न जाए. इससे खराब और क्या हो सकता है?’’ पात्रा ने आरोप लगाया, ‘‘सुभाष चंद्र बोस की विरासत को कांग्रेस पार्टी और नेहरू ने दबाया है. मैं कहना चाहुंगा प्रियंका जी, अहंकार किसके पास था.

एनसीईआरटी के 2012 के इतिहास की किताब में देखिये…एक कार्टून में नेहरू को बड़ा और बाबा साहेब आंबेडकर को छोटा दिखाने की कोशिश की गई थी.’’ नेशनल कांफ्रेंस के आगा सैयद रुहुल्लाह मेहदी ने कहा कि वह राष्ट्रीय गीत का सम्मान करते हैं लेकिन इसे किसी पर थोपा नहीं जाना चाहिए.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button