
नयी दिल्ली/लखनऊ/पटना. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया. भविष्य में वह जे. पी. नड्डा का स्थान लेते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकते हैं. इसे सत्तारूढ़ दल में पीढ़ीगत बदलाव का संकेत माना जा रहा है.
पार्टी नेताओं के अनुसार, नितिन नबीन (45) दिवंगत नबीन किशोर प्रसाद सिन्हा—जो भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक थे—के पुत्र हैं. उन्हें एक गतिशील, वैचारिक रूप से दृढ़ और संगठन के प्रति गहराई से सर्मिपत नेता माना जाता है. पांच बार विधायक रहे नितिन नबीन बिहार के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं. वह इससे पहले भी बिहार सरकार में मंत्री रहे हैं. भाजपा नेताओं ने कहा कि बिहार में मंत्री के रूप में नबीन का कार्यकाल और छत्तीसगढ़ के पार्टी प्रभारी के रूप में उनकी भूमिका वास्तव में उत्कृष्ट रही है और उनके प्रभावी संगठनात्मक नेतृत्व को दर्शाता है. भाजपा के संसदीय बोर्ड ने नबीन को इस पद के लिए चुना है.
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने एक बयान में कहा, “भाजपा के संसदीय बोर्ड ने बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को तत्काल प्रभाव से भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है.” कायस्थ समुदाय से संबंध रखने वाले नबीन के मौजूदा भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के उत्तराधिकारी बनने की संभावना है और पार्टी नेताओं के अनुसार, वह इस पद पर आसीन होने वाले सबसे युवा नेताओं में से एक हैं.
नड्डा (65) को जनवरी 2020 में भाजपा अध्यक्ष नियुक्त किया गया था और वह अपना पूरा कार्यकाल पूरा कर चुके हैं. नड्डा को 2024 के लोकसभा चुनावों तक पार्टी का नेतृत्व करने के लिए कार्यकाल विस्तार दिया गया था. नबीन को उनकी नियुक्ति पर बधाई देते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि उन्होंने एक “मेहनती कार्यकर्ता” के रूप में अपनी विशिष्टता साबित की है और विश्वास व्यक्त किया कि उनकी ऊर्जा और समर्पण पार्टी को मजबूत करेगा.
प्रधानमंत्री ने कहा, “वह एक युवा और कर्मठ नेता हैं, जिनके पास समृद्ध संगठनात्मक अनुभव है और बिहार में कई बार विधायक एवं मंत्री के रूप में उनका प्रभावशाली रिकॉर्ड रहा है. उन्होंने लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए लगन से काम किया है.” मोदी ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘वह अपने विनम्र स्वभाव और व्यावहारिक कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं. मुझे विश्वास है कि उनकी ऊर्जा और समर्पण आने वाले समय में हमारी पार्टी को मजबूती प्रदान करेंगे. भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर उन्हें हार्दिक बधाई.’’ नबीन ने युवा मोर्चा के लिए भी व्यापक रूप से काम किया है और राज्य प्रभारी के रूप में भी उन्हें अनुभव प्राप्त है. पार्टी नेताओं ने कहा कि उनकी नियुक्ति सक्षम नेतृत्व पर भाजपा के ध्यान को दर्शाती है और पीढ़ीगत बदलाव का संकेत देती है. भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने भी नबीन को बधाई दी और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पार्टी नयी ऊंचाइयों को छुएगी.
उन्होंने कहा, “ज्ञान और संस्कृति की पवित्र भूमि बिहार के ऊर्जावान भाजपा नेता और बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन जी को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में उनकी नियुक्ति पर हार्दिक बधाई.” नड्डा ने कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और आपके नेतृत्व में यह संगठन राष्ट्र निर्माण और जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए नयी ऊंचाइयों को छुएगा. आपके शानदार और सफल कार्यकाल के लिए हार्दिक शुभकामनाएं.’’
नितिन नबीन: भाजपा ने बिहार से पहले पार्टी अध्यक्ष को चुनकर सबको चौंकाया
भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए नितिन नबीन को उनके पिता और पार्टी के दिग्गज नेता नवीन किशोर सिन्हा के निधन के कारण खाली हुई पटना पश्चिम विधानसभा सीट से महज 26 साल की उम्र में चुनाव मैदान में उतारा गया था.
तब से लेकर लगभग दो दशकों में नबीन (45) बदले नाम वाले बांकीपुर से लगातार जीत के बाद पांच बार विधायक रह चुके हैं और पूरी संभावना है कि वे भाजपा के अगले राष्ट्रीय अध्यक्ष बनेंगे. यह पहली बार होगा कि बिहार से कोई नेता पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष होगा.
अप्रत्याशित उम्मीदवारों को नियुक्त करने के लिए जानी जाने वाली भाजपा के शीर्ष पद के लिए हुए चयन ने एक बार फिर सबको चौंका दिया. नवीन स्वयं अपने निर्वाचन क्षेत्र में सार्वजनिक कार्यक्रमों में व्यस्त थे, जहां उन्होंने हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में अपनी जीत के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया.
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में उनके नाम की घोषणा से काफी पहले एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा था कि वह पार्टी के उन कार्यकर्ताओं के सामने नतमस्तक होते हैं जिनकी कड़ी मेहनत से कई नितिन नबीन पैदा होते हैं. संयोगवश, भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा (65) का जन्म भी बिहार में हुआ था और उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा पटना में प्राप्त की, जिसके बाद वे अपने गृह राज्य हिमाचल प्रदेश चले गए.
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वयं नबीन की राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में नियुक्ति की जमकर प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने एक मेहनती कार्यकर्ता के रूप में अपनी विशिष्टता साबित की है. मोदी ने कहा, “वह एक युवा और कर्मठ नेता हैं जिनके पास समृद्ध संगठनात्मक अनुभव है और बिहार में कई बार विधायक एवं मंत्री के रूप में उनका प्रभावशाली रिकॉर्ड रहा है. उन्होंने लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए लगन से काम किया है.” उन्होंने कहा, ‘‘वह अपने विनम्र स्वभाव और व्यावहारिक कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं. मुझे विश्वास है कि उनकी ऊर्जा और समर्पण आने वाले समय में हमारी पार्टी को मजबूती प्रदान करेंगे.’’ कई अन्य नेताओं और भाजपा की विभिन्न राज्य इकाइयों ने भी युवा नेता को बधाई दी.
कायस्थ समुदाय से आने वाले नबीन वर्तमान में बिहार में पथ निर्माण मंत्री हैं. नड्डा को जनवरी 2020 में भाजपा अध्यक्ष नियुक्त किया गया था और वह अपना कार्यकाल पूरा कर चुके हैं. नड्डा को 2024 के लोकसभा चुनावों तक पार्टी का नेतृत्व करने के लिए कार्यकाल विस्तार दिया गया था. नड्डा ने नबीन को “ज्ञान और संस्कृति की पवित्र भूमि बिहार से एक गतिशील नेता” बताया और कहा कि उन्हें विश्वास है कि उनके नेतृत्व में और प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में पार्टी नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगी.
गृह मंत्री और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि नबीन के पास जनता के बीच काम करने का व्यापक अनुभव है और उनकी पदोन्नति हर उस युवा भाजपा कार्यकर्ता के लिए सम्मान की बात है जो दिन-रात मेहनत करता है. पार्टी के एक नेता ने कहा कि नवीन युवा हैं और उन्हें शासन तथा जनता एवं संगठन के लिए काम करने का व्यापक अनुभव है. वे बिहार सरकार में कई बार मंत्री रह चुके हैं और भारतीय जनता युवा मोर्चा के लिए भी व्यापक रूप से काम कर चुके हैं.
उन्हें छत्तीसगढ़ और सिक्किम के प्रभारी के रूप में काम करने का अनुभव है. छत्तीसगढ़ में भी पार्टी के पुनरुद्धार में उनकी भूमिका की भाजपा हलकों में काफी सराहना की गई. झारखंड के रांची में जन्मे नबीन के एक बेटा और एक बेटी हैं.
उन्हें चुनावों में भारी बहुमत से जीत हासिल करने के लिए जाना जाता है, जिसकी शुरुआत 2006 में हुए पहले उपचुनाव से हुई थी, जिसमें उन्होंने लगभग 60,000 वोटों से जीत दर्ज की थी. इस साल के अंत में हुए उपचुनाव में उन्होंने 51,000 से अधिक वोटों से जीत हासिल की.
भाजपा के 1980 में गठन के बाद अटल बिहारी वाजपेयी पहले पार्टी अध्यक्ष बने थे और 1986 में लाल कृष्ण आडवाणी उनके उत्तराधिकारी बने थे. आडवाणी ने तीन कार्यकाल तक भाजपा अध्यक्ष के रूप में कार्य किया जबकि इस पद पर रहने वाले अन्य लोगों में मुरली मनोहर जोशी, कुशाभाऊ ठाकरे, बंगारू लक्ष्मण, जना कृष्णमूर्ति, वेंकैया नायडू, राजनाथ सिंह (दो बार), नितिन गडकरी और अमित शाह शामिल हैं. नड्डा 2020 से इस पद पर हैं.
भाजपा में सदस्य से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक के चुनाव का समन्वय दुनिया के लिए अकल्पनीय :गोयल
केंद्रीय उद्योग और वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को कहा कि विश्व के सबसे बड़े दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में सदस्य से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक का चुनाव जिस आपसी समन्वय से होता है, वह दुनिया के लिए अकल्पनीय है. गोयल ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी का नाम घोषित करने के बाद लखनऊ में एक सभा में भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करते हुए ये टिप्पणियां कीं.
उन्होंने कहा “विश्व की सबसे बड़ी पार्टी भारतीय जनता पार्टी के हम सदस्य हैं. दुनिया हैरान है कि जितने व्यवस्थित व लोकतांत्रिक तरीके से सदस्य बनाने व राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने का काम आपसी समन्वय से होता है वह अकल्पनीय है.” गोयल ने कहा कि उत्तर प्रदेश के साथ उनका “बहुत घनिष्ठ संबंध” है.
उन्होंने 2017 के विधानसभा चुनावों में भाजपा और उसके सहयोगियों की जीत के बाद योगी आदित्यनाथ को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाए जाने की सूचना देने के क्षणों को याद करते हुए कहा, “जब तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने योगी आदित्यनाथ को बताया कि आपको लखनऊ जाना है, उप्र सरकार की कमान संभालनी है. यह मेरे दिल्ली स्थित आवास पर हुआ था. शायद इसीलिए उप्र के साथ मेरा संबंध बहुत घनिष्ठ रहा है.” उन्होंने लखनऊ को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की ‘कर्मभूमि’ बताते हुए कहा कि लखनऊ सिर्फ एक शहर नहीं है, यह एक विशेष राज्य की राजधानी है, जिसकी ओर पूरा देश देखता है.
गोयल ने कहा, “केंद्र में जो भी सरकार बने, उत्तर प्रदेश का उसमें सबसे बड़ा योगदान होता है. उन्होंने कहा, “हमारे नेताओं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय तथा अटल बिहारी वाजपेयी ने जिस प्रकार से पार्टी को आगे बढ़ाया, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के मार्गदर्शन में पार्टी का लगातार विस्तार हो रहा है, उसी के बलबूते हम आज इतनी बड़ी संख्या में यहां इकट्ठा हुए हैं.”
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने नियुक्ति को पार्टी कार्यकर्ताओं को सर्मिपत किया
बिहार के मंत्री नितिन नबीन ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में अपनी नियुक्ति को पार्टी कार्यकर्ताओं को सर्मिपत किया. उनकी नियुक्ति की सूचना मिलने पर पार्टी कार्यालय में जश्न का माहौल छा गया और बधाई संदेशों की बाढ़ आ गई. पांच बार के विधायक नबीन छत्तीसगढ़ के लिए भाजपा के प्रभारी रहे हैं.
जब पत्रकारों को उनकी नियुक्ति के बारे में जानकारी मिली और वे उनकी प्रतिक्रिया जानने के लिए उनके आवास पर पहुंचे, तो भाजपा नेता ने शुरू में उनसे पार्टी कार्यालय में मिलने के लिए कहा. हालांकि, पत्रकारों द्वारा जोर दिए जाने पर उन्होंने कहा, “यह पार्टी कार्यकर्ताओं को सर्मिपत है.” मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नबीन (45) को उनकी नयी जिम्मेदारी के लिए बधाई दी. कुमार जनता दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष भी हैं.
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, कुमार ने कहा कि नबीन “एक सर्मिपत और अनुशासित नेता हैं, जो इस नयी जिम्मेदारी के साथ भाजपा को मजबूती प्रदान करेंगे”. उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, “यह भाजपा के लिए गर्व का क्षण है. बिहार के एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में, नबीन ने संगठन में निरंतर समर्पण के साथ काम किया है.” भोजपुरी सुपरस्टार से नेता बने मनोज तिवारी ने पत्रकारों से कहा कि यह बहुत अच्छी खबर है. उन्होंने कहा, “बिहार ने हाल में भाजपा को भारी बहुमत से जीत दिलाई है. अब, यहीं के एक सपूत को संगठन में सर्वोच्च जिम्मेदारी मिली है.” विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने भी नितिन नबीन को बधाई दी.
पार्टी कार्यालय में जश्न का माहौल छा गया, कार्यकर्ता ढोल की थाप पर नाच रहे थे और भगवा पटका लहरा रहे थे. दिवंगत नबीन किशोर सिन्हा के पुत्र नबीन ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत 2006 में एक उपचुनाव से की, जिसमें उन्होंने अपने पिता के निधन के बाद खाली हुई सीट को बरकरार रखा. भाजपा के वरिष्ठ नेता नबीन किशोर सिन्हा ने पटना पश्चिम विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया था. फिलहाल नबीन पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं.



