भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन ने बिहार मंत्रिमंडल से दिया इस्तीफा

भाजपा कार्यकारी अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करने के बाद नेताओं-कार्यकर्ताओं से मिले नवीन

पटना/नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन ने मंगलवार को बिहार सरकार में मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया. आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी. नितिन नवीन ने अपना त्यागपत्र मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भेजा है. नवीन, नीतीश कुमार मंत्रिमंडल में पथ निर्माण विभाग तथा नगर विकास एवं आवास विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. इन दोनों विभागों का राज्य के बुनियादी ढांचे और शहरी विकास से सीधा जुड़ाव है. सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री शीघ्र ही इन विभागों का प्रभार भाजपा के किसी अन्य मंत्री को सौंप सकते हैं.

उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले नवीन को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था. पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने इसकी औपचारिक घोषणा की थी. नियुक्ति पत्र में कहा गया था कि संसदीय बोर्ड के निर्णय के अनुसार यह जिम्मेदारी तत्काल प्रभाव से लागू होगी. इसके बाद नितिन नवीन ने सोमवार को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचकर अपने पद का कार्यभार भी ग्रहण कर लिया.

भाजपा कार्यकारी अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करने के बाद नेताओं-कार्यकर्ताओं से मिले नवीन
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय में मंगलवार को चहल-पहल रही, क्योंकि पार्टी के नव नियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन ने पदभार ग्रहण करने के अगले दिन वर्तमान और पूर्व मंत्रियों, वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारियों और विभिन्न राज्यों के कार्यकर्ताओं से मुलाकात की.

राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह, विनोद तावड़े और दुष्यंत गौतम तथा पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया विभाग के सह-प्रभारी संजय मयूख ने नवीन के पार्टी कार्यालय पहुंचने पर उनका स्वागत किया. विभिन्न राज्यों से पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता नवीन को उनकी नियुक्ति पर बधाई देने और उनसे मिलने के लिए पहले से ही पार्टी मुख्यालय में एकत्रित हो गए थे. उनमें अधिकतर बिहार के नेता एवं कार्यकर्ता थे. उन्होंने नवीन से मुलाकात की और उनके साथ तस्वीरें भी ंिखचवाईं.

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज़ हुसैन, बिहार के मंत्री दिलीप जायसवाल और अरुण शंकर प्रसाद समेत कई भाजपा नेताओं ने नवीन से मुलाकात कर उन्हें उनकी नियुक्ति पर बधाई दी. नवीन ने भाजपा मुख्यालय में पार्टी के विभिन्न विभागों के प्रभारी और अन्य कर्मचारियों से भी मुलाकात एवं बातचीत की. इससे पहले दिन में उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से उनके आवास पर मुलाकात की.

उन्होंने बिहार निवास में भी कई पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की. सोमवार को नवीन ने अपनी नई जिम्मेदारी संभाली. शीर्ष नेताओं का कहना है कि उनके संगठनात्मक कौशल से पार्टी की सार्वजनिक सेवा और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को एक नई दिशा मिलेगी. नवीन का पार्टी पार्टी मुख्यालय में भव्य स्वागत किया गया जहां पार्टी अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा, शाह, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button